लेखिका कंचन शर्मा को कोलकाता में सम्मान

शिमला  – साहित्यिक उपलब्धियों के लिए प्रदेश की लेखिका कंचन शर्मा कोलकाता में सम्मानित किया गया है। राष्ट्रीय साहित्य अकादमी कोलकाता के तहत भारतीय भाषा परिषद कोलकाता के सेमिनार हाल में दो दिवसीय काव्य महाकुंभ का आयोजन किया गया। इसमें शिमला से कंचन शर्मा ने हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। प्रथम काव्य कुंभ में कंचन बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं, जहां कोलकाता के कवि वृंद ने कविता पाठ किया। इस अवसर पर कोलकाता से प्रकाशित प्रसिद्ध पत्रिका मंजरी के अंक का लोकार्पण भी किया गया। दूसरे कार्य कुंभ में विशिष्ट अतिथि के रूप में शिमला से कंचन शर्मा, दिल्ली से प्रेम भारद्वाज, इंदौर से चरण सिंह अभी, दिल्ली से रामकिशोर उपाध्याय, रांची से स्नेहा शर्मा, धनबाद से कविता विकास, कोलकाता के प्रबुद्ध लेखक व कवि शामिल थे। कोलकाता के मीडिया व कार्यक्रम में हुए विशेष कथन में कंचन शर्मा ने कहा कि युवा हमारे देश का भविष्य हैं। युवा  कवियों को सुनना बहुत आवश्यक है, क्योंकि उनकी कविताओं के माध्यम से अभिव्यक्त हो रही उनकी भावनाएं भविष्य का संकेत करती हैं। कंचन शर्मा ने वरिष्ठ लेखकों से गुटबाजी की कुंठित मानसिकता से दूर रहने का आह्वान किया।