आरोपों के सबूत दें कांग्रेस नेता

धर्मशाला। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा है कि कांग्रेस की हालत खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे जैसी हो गई है। संभावित हार को देखकर कांग्रेसी नेता पहले से ही हार के औचित्य साबित करने के बहाने ढूंढ रहे हैं। ईवीएम से लेकर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग के आरोप इसी कड़ी के हिस्सा हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि वे अपने आरोपों के सबूत दें अन्यथा लोगों को बरगलाने की कोशिश न करें। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र ओर प्रदेश सरकार के डबल इंजन की सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों के कारण जनता से मिल रहे विकास से कांग्रेस नेता परेशान हैं। भाजपा दोनों उपचुनावों को बड़े अंतर से जीतने जा रही है। यही वजह है कि नेता प्रतिपक्ष झूठे आरोपों से मसहौल को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। चाहे छोटा चुनाव हो या बड़ा, भाजपा ने हमेशा सामूहिक और संगठित होकर चुनाव लड़ा है। इसके विपरीत कांग्रेस की फूट जगजाहिर है। सतपाल सत्ती ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष सरकार पर आरोप लगाने से पूर्व अपने गिरेबान में झांके। कर्ज लेने की नीति कांग्रेस ने शुरू की थी और कांग्रेस ने ही प्रदेश को कर्ज के मकड़जाल में उलझाया है। वर्तमान भाजपा सरकार को कांग्रेस के पापों को धोना पड़ रहा है।