उपचुनाव में पैरामिलिट्री फोर्स की दो कंपनियां

सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगा मतदान; पच्छाद में 113, धर्मशाला में 89 पोलिंग स्टेशन

शिमला – विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रदेश में पैरामिलिट्री फोर्स की दो कंपनियां आएंगी। केंद्रीय चुनाव आयोग ने यहां के लिए दो कंपनियां भेजने को मंजूरी दी है। बुधवार को ही इस संबंध में प्रदेश के मुख्य चुनाव आयुक्त को सूचित किया गया है।  उनके द्वारा अर्धसैनिक बलों की डिमांड की गई है। जानकारी के अनुसार यहां एक टुकड़ी पच्छाद के लिए तो दूसरी धर्मशाला में सुरक्षा व्यवस्था को संभालेगी। इनके अलावा प्रदेश पुलिस का भी सुरक्षा की दृष्टि से पूरा इंतजार रहेगा जिसने पहले ही अपने कर्मचारियों की तैनाती करनी शुरू कर दी है। कांगड़ा और सिरमौर में सीमाई क्षेत्रों पर पुलिस की पैनी निगाह है। किसी भी तरह से उप चुनाव को प्रभावित ना किया जा सके इसके लिए पुलिस पूरी निगरानी रखे हुए है। पुलिस के साथ उपचुनाव ड्यूटी पर होमगार्ड के जवान भी रहेंगे। बताया जाता है कि कर्मचारी जो चुनाव की प्रक्रिया में लगेंगे उनको प्रशिक्षण का काम शुरू हो गया है। अलग-अलग विभागों से यह कर्मचारी लिए गए हैं, जो कि पहले भी चुनाव ड्यूटी दे चुके हैं।

पच्छाद में 13, धर्मशाला में दस संवेदनशील बूथ

उपचुनाव के लिए पोलिंग बूथ की बात करें तो पच्छाद में 113 पोलिंग बूथ हैं, जिसमें 13 संवेदनशील  हैं, वहीं धर्मशाला में 80 पोलिंग बूथ हैं, जिसमें एक ऑग्जिलरी बूथ है। यहां पर 10 संवेदनशील बूथ हैं, तो चार अति संवेदनशील पोलिंग बूथ हैं। पोलिंग बूथ में जरूरी चीजों को लेकर  इंतजाम किए जा रहे हैं। आम चुनाव में जिस तरह की व्यवस्था पोलिंग बूथ में रहती है, उसी तरह की उपचुनाव में भी रहेगी। चुनाव आयोग ने बुधवार को इन तैयारियों की जानकारी ली है।

एक बूथ पर तैनात रहेंगे चार कर्मचारी

एक-एक पोलिंग बूथ पर चार कर्मचारी चुनाव डयूटी पर रहेंगे। वहा एक प्रिसाइडिंग ऑफिसर होगा तो उसके साथ तीन अन्य कर्मचारी पूरा दायित्व निभाएंगे। इनके अलावा एक पुलिस का जवान और एक होम गार्ड का जवान रहेगा वहीं संवेदनशील में एक तीन सुरक्षा कमी होंगे। अति संवेदनशील बूथ पर पैरामिलिट्री फोर्स की हॉफ सैक्शन लगाई जाएगी।