कांग्रेस समस्याओं की जड़

परमार का आरोप, क्षेत्रवाद फैला रहे विपक्षी दल के नेता

धर्मशाला     – स्वास्थ्य मंत्री विपन परमार ने कहा है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश भर में एक समान रूप से विकास को गति दी है, जबकि प्रदेश में जब भी कांग्रेस की सरकार रही, बदले की भावना से क्षेत्रवाद को बढ़ावा दिया। श्री परमार ने कहा देश-प्रदेश में सारी समस्याओं की जड़ कांग्रेस है। भाजपा द्वारा युवाओं को सम्मान देने से उनका पार्टी के प्रति विश्वास बढ़ा है। अब तक लाखों युवा पार्टी से जुड़ चुके हैं, जो पार्टी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश के अर्थिक विकास व उत्थान में कांग्रेस सबसे बड़ी बाधा है। भाजपा ने कभी भी जाति या धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं किया। भाजपा के लिए सारी जनता एक समान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत कूटनीतिक रूप से तो मजबूत हुआ है, आर्थिक और सामरिक क्षेत्रों में भी कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि इन्वेस्टर मीट के माध्यम से पूरे प्रदेश में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। प्रदेश में पर्यटन की संभावनाएं बढ़ेंगी। पर्यटन की संभावनाओं से सबसे अधिक लाभ धर्मशाला ओर धौलाधार की तलहटी में बसे ग्रामीण लोगों को होगा। विपिन परमार ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जो धर्मशाला का विकास 60 वर्ष में नहीं कर सके, जिनके पास धर्मशाला के विकास का कोई रोड़मैप नहीं है और जिन्होंने धर्मशाला के साथ हमेशा पक्षपात किया है, वे भाजपा को विकास की परिभाषा न बताएं। विकास के लिए मेहनत करनी पड़ती है और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मेहनत से विदेशों में, देश के प्रमुख शहरों व प्रदेश के सभी क्षेत्रों में समान विकास करवाने के लिए अनथक मेहनत कर रहे हैं।