कुमारी सैलजा बोलीं, कांग्रेस निभाएगी मजबूत विपक्ष का रोल

चंडीगढ़ – कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा है कि हरियाणा में कांग्रेस पार्टी मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी। पार्टी सदन के अंदर, बाहर और सड़कों पर जनता के मुद्दों को लेकर अपनी आवाज मजबूत तरीके से बुलंद करेगी। कुमारी सैलजा हिसार में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रही थी। उन्होंने भाजपा-जेजेपी गठबंधन सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह दोनों परस्पर विरोधी पार्टियों का गठजोड़ है। इतिहास गवाह है कि जब भी इस तरह के बेमेल गठबंधन हुए हैं, वो अधिक कारगर साबित नहीं हुए। जनता ने हमेशा एसे गठबंधनों को नकारा है। अब यह देखना होगा कि दोनों पार्टियां जनता से किए गए वादों पर किस तरह अमल कर पाती हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश में कांग्रेस का सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा और संगठन के चुनाव भी करवाए जाएंगे। पार्टी में जनता के मुद्दे उठाने वाले और जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को तरजीह दी जाएगी। सैलजा ने कहा कि भाजपा ने हमेशा झूठ की राजनीति की है। इनका नारा है कि झूठ बोलो और आगे बढ़ो। भाजपा ने चुनाव में प्रचार तंत्र और दूसरे माध्यमों से प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का भरसक प्रयास किया।