केदारनाथ धाम के कपाट बंद

पूजन के बाद बाबा के कपाट शीतकाल के लिए हुए बंद, यमुनोत्री धाम में भी नहीं हो सकेंगे दर्शन

देहरादून – केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए मंगलवार को बंद कर दिए गए। मंगलवार सुबह 8ः30 बजे मंदिर के कपाट बंद किए गए। इसके बाद बाबा की डोली को पहले पड़ाव रामपुर पहुंचाया गया। इससे पहले सोमवार को गंगोत्री धाम के कपाट बंद किए गए थे। पूजा-अर्चना के बाद सोमवार सुबह 11ः40 बजे मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। उधर मंगलवार को ही यमुनोत्री धाम के कपाट दोपहर 12ः25 बजे अभिजीत मुहूर्त में विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद किए गए। छह माह तक मां यमुना के दर्शन देश-विदेश के श्रद्धालु उनके शीतकालीन प्रवास खुशीमठ (खरसाली) में कर सकेंगे। मंगलवार को भैया दूज के अवसर पर जिलाधिकारी आशीष चौहान की मौजूदगी में मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खुशीमठ से शनिदेव की डोली मां यमुना को लेने सुबह यमुनोत्री धाम पहुंची। बदरीनाथ मंदिर के कपाट 17 नवंबर को बंद होने हैं। इसके साथ ही चारधाम यात्रा का समापन हो जाएगा। इस बार यमुनोत्री और गंगोत्री धाम रिकॉर्ड संख्या में तीर्थयात्री पहुंचे। अब तक के रिकॉर्ड में साल 2011 में सबसे ज्यादा 9,47,259 तीर्थयात्री इन धामों तक पहुंचे थे, जबकि इस बार कपाट बंद होने से तीन दिन पहले ही 9,93,314 तीर्थयात्री यमुनोत्री और गंगोत्री की यात्रा कर चुके हैं। इसमें 5,27,742 यात्री गंगोत्री और 4,65,572 यात्री यमुनोत्री पहुंचे हैं। इस साल अब तक रिकॉर्ड 9,94,701 तीर्थयात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए हैं। पिछले साल यह संख्या 7,32,241 थी।