घर के साथ देंगे स्वच्छ-स्वस्थ समाज

मंडी से शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी ने किया अंगीकार अभियान का शुभारंभ

मंडी – शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीण चौधरी ने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर मंडी के सेरी मंच से अंगीकार अभियान का शुभारंभ किया। अंगीकार अभियान के तहत पीएम आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों के सामाजिक व्यवहार में बदलाव का प्रयास किया जाएगा। इस मौके मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने साफ, स्वस्थ व स्वच्छ भारत का सपना देखा था। गांधीजी के इस सपने को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में अंगीकार अभियान शुरू किया गया है। भारत सरकार ने 29 अगस्त को इसे शुरू किया था। गांधी जयंती पर मंडी से इसे पूरे प्रदेश के लिए आरंभ किया गया है। यह अभियान 10 दिसंबर को धर्मशाला में संपन्न होगा। सरवीण चौधरी ने कहा कि अंगीकार अभियान में हमारा ध्येय केवल प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को घर देना ही नहीं है, बल्कि अपशिष्ट प्रबंधन, जल और ऊर्जा संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के साथ सामाजिक व्यवहार में परिवर्तन लाना है। इस अवसर पर शहरी विकास विभाग के निदेशक राम कुमार गौतम ने अंगीकार अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कहा कि अंगीकार अभियान सामुदायिक सहयोग और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लागू किया जाएगा। वहीं, इस अवसर पर नगर परिषद मंडी की अध्यक्ष सुमन ठाकुर, उपाध्यक्ष वीरेंद्र भट्ट, उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर, अतिरिक्त उपायुक्त आशुतोष गर्ग, पूर्व विधायक डीडी ठाकुर एवं कन्हैया लाल, भाजपा के जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा आदि भी मौजूद रहे।