चंबा में महर्षि वाल्मीकि जयंती पर निकाली शोभायात्रा

दुल्हन की तरह सजा मंदिर, हवन के बाद अदा की झंडा रस्म, खूब उमड़ा आस्था का सैलाब

चंबा – महर्षि वाल्मीकि के प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में शनिवार को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। वाल्मीकि मंदिर पक्काटाला से आरंभ हुई शोभायात्रा पूरे नगर की परिक्रमा के उपरांत समाप्त हुई। शोभायात्रा में शहर के गणमान्य लोगों के अलावा काफी तादाद में वाल्मीकि समुदाय के लोगों ने उपस्थिति दर्ज करवाई। शोभायात्रा में वरिष्ठ भाजपा नेता डा. डीके सोनी ने विशेष तौर से उपस्थिति दर्ज करवाई। महर्षि वाल्मीकि जयंती को लेकर पक्काटाला मोहल्ले स्थित मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया। शनिवार को शहर में निकाली गई शोभायात्रा का विभिन्न पडावों पर स्वागत किया गया। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भजन- कीर्तन के जरिए माहौल को भक्तिमय बना डाला। उधर, रविवार को महर्षि वाल्मीकि के प्रकटोत्सव के मौके पर पक्काटाला मोहल्ले स्थित मंदिर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंदिर में हवन की समाप्ति के उपरांत झंडा चढ़ाने की रस्म अदा की जाएगी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों द्वारा महर्षि वाल्मीकि की जीवनी पर प्रकाश डालकर आदर्शों को जीवन में अपनाने को प्रेरित किया जाएगा। दोपहर बाद विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया जाएगा। महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर कार्यक्रमों के आयोजन से पूरा शहर भक्तिरस में डूब गया है। शनिवार शाम को महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में समुदाय के लोगों ने शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली।