छह अक्तूबर तक बारिश

शिमला – हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, सोलन, सिरमौर, मंडी, चंबा व डलहौजी में छह अक्तूबर तक मौसम खराब बना रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य के इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं, राज्य के मैदानी व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी तीन अक्तूबर तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि चार अक्तूबर से इन क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहेगा। उधर, राज्य में सोमवार को भी मौसम के मिजाज बदले नजर आए। दिन के समय राज्य के कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है। राजधानी शिमला में दोपहर के समय जहां हल्की बारिश हुई, वहीं शाम के समय झमाझम बारिश रिकार्ड की गई। बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है। भुंतर, कल्पा, ऊना, कांगड़ा व केलांग के तापमान में रविवार के मुकाबले एक से तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। ऊना के तापमान में सबसे अधिक तीन डिग्री की गिरावट आंकी गई है। बीते 24 घंटों के दौरान राजगढ़ में सबसे अधिक 75 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसके अलावा पांवटा साहिब में 71, देहरा गोपीपुर में 54, नादौन में 51, सोलन में 49, कंडाघाट में 45, रेणुका में 44, नाहन में 41, घुमारवीं में 35, हमीरपुर में 29, धर्मशाला में 28, धर्मपुर में 24, नैना देवी, गोहर व ऊना में 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। बारिश होने से न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।  मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में छह अक्तूबर तक मौसम खराब बना रहेगा।