दिल्ली भूख हड़ताल में शमिल होंगे सौ कर्मचारी

मंडी – हिमाचल अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ प्रदेशाध्यक्ष एनआर ठाकुर ने कहा कि 14 अक्तूबर को दिल्ली में आयोजित एकदिवसीय भूख हड़ताल में हिमाचल से 100 कर्मचारी नेता हिस्सा लेंगे। यह हड़ताल सरकारी कर्मचारी राष्ट्रीय परिसंघ और राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ के बैनर तले आयोजित की जा रही है। भूख हड़ताल का आयोजन अटल बिहारी वाजपेयी समाधि स्थल दिल्ली में होगा, जिसमें पूरे देश की विभिन्न यूनियनों के कर्मचारी प्रतिनिधि शिरकत करेंगे। भूख हड़ताल का उद्देश्य  केंद्र और राज्य सरकारों पर दबाव बनाना है, ताकि कर्मचारियों की मांगों का हल निकल सके। मुख्य मांगें, उनमें पुरानी पेंशन योजना बहाली, करमुक्त आय सीमा आठ लाख करना, विभागों में रिक्त पड़े लाखों पदों को भरना, सरकारी विभागों को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के बारे में सरकारों का ध्यान आकर्षित करना, ठेकेदारी, आउटसोर्सिंग नियुक्तियों पर पूर्णतया रोक, स्थायी नियुक्तियां, सभी राज्यों में केंद्रीय वेतनमान लागू करना तथा भविष्य में वेतन आयोग की जगह वेतन निर्धारण बोर्ड का गठन करना आदि शामिल हैं।