पहाड़ी दरकने से नौ घंटे थम गईं गाडि़यां

चंबा- तीसा मुख्य मार्ग पर रखालू माता मंदिर के पास लैंड स्लाइडिंग से लगा गाडि़यों का लंबा जाम

तीसा –चंबा- तीसा मुख्य मार्ग पर बुधवार सवेरे एक बार फिर रखालू माता मंदिर के समीप पहाड़ी दरकने से हुए भारी भूस्ख्लन के चलते करीब नौ घंटे वाहनों के पहिये थमे रहे। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई, जिससे सैंकडों की तादाद में लोग बीच राह में फंसे रहे। लोक निर्माण विभाग ने कडी मशक्कत के जेसीबी मशीन व लेबर के सहयोग से उपरांत दोपहर बाद मार्ग पर यायात बहाल करने में सफलता हासिल की। मार्ग पर यातायात बहाल होने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली। दोपहर बाद तीसा मार्ग पर वाहनों ने सरपट दौडना आरंभ कर दिया है। जानकारी के अनुसार चंबा- तीसा मार्ग पर बुधवार सवेरे बजे रखालू माता मंदिर के पास अचानक पहाड दरक गया। भारी भरकम चटटानें और मलबा तीसा मुख्य मार्ग पर आ जमा होने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप्प हो गई। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त मार्ग से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। इसी बीच मार्ग बंद होने की सूचना पाते ही लोक निर्माण विभाग की लेबर मशीनरी संग मौके पर पहंुचकर भारी भरकम चटटानें और मलबा हटाने में जुट गई। लोक निर्माण विभाग ने नौ घंटे की कडी मेहनत के बाद मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोलने में सफलता हासिल की। बतातें चलें कि दो दिन पहले भी इसी स्थान पर भूस्ख्लन से चटटानें व मलबा गिरने से मार्ग पर करीब बारह घंटे वाहन नहीं चल पाए थे। उधर, लोक निर्माण विभाग तीसा मंडल के एक्सईन हर्ष पुरी ने बताया कि बुधवार को रखालू माता मंदिर के पास एक बार फिर से पहाड दरकने से यातायात बाधित हुआ था। मगर दोपहर बाद मार्ग पर गिरी चटटानों व मलबे को हटाकर वाहनों की आवाजाही को सामान्य बना दिया गया है।