पांच अक्तूबर तक रुलाएगा मौसम

विभाग का पुर्नानुमान, कई क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी

शिमला – हिमाचल प्रदेश से मानसून अभी भी रुखसत नहीं हो पाया है। पिछले कई दिनों से राज्य के सभी क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार पांच अक्तूबर तक प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बारिश का दौर यूं ही जारी रहेगा। मंगलवार को भी ऊपरी क्षेत्रों सहित मैदानों में भी काफी बारिश रिकार्ड की गई। इसमें राजगढ़ में 11 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, बकलोह में 9.0 मिलीमीटर, संगड़ाह में 8.0, सांगला में 2.0, फागू में 4.0, खड़ा पत्थर में 3.0 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। मौसम विभाग की मानें तो इस हफ्ते भी मौसम के तेवर कड़े ही रहेंगे। बता दें कि मंगलवार को शिमला सहित कई क्षेत्रों में मौसम खराब रहा। इस दौरान कई जगह पर भारी बारिश भी हुई। अहम यह है कि हिमाचल के ऊपरी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने लगी है। इससे लोगों ने गर्म कपड़े भी निकाल लिए हैं। वहीं, लगातार हो रही  बारिश की वजह से कई जिलों में जीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है। मानसून के अंत में भारी बारिश होने की वजह से लोगों के घरों तक पानी अंदर आ रहा है। इस वजह से आम लोगों को खासी  दिक्कतों का भी सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने यह भी पूर्वानुमान लगाया है कि छह अक्तूबर के बाद हिमाचल में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा। 

कहां, कितना तापमान

शहर   अधिकतम   न्यूनतम

शिमला    18.6       12.3

सुंदरनगर  27.2       18.3

भुंतर       21.4       15.4

कल्पा     12.8       8.7

धर्मशाला   25.2       16.8

ऊना       31.5       20.6

सोलन     25.0       16.4

नाहन      24.6       15.7

केलांग     14.5       6.4

कांगड़ा    25.4       17.2

बिलासपुर 27.5       20.0

हमीरपुर    27.0       20.2

चंबा       25.7       15.4

डलहौजी  15.1       12.0