बयानबाजी में नहीं विकास पर फोकस

सराहां, नारग  – कांग्रेस पार्टी लोकसभा चुनाव में भाजपा को देश भर में मिली अप्रत्याशित जीत से घबराई हुई है। कांग्रेस के पास हिमाचल में धर्मशाला व पच्छाद विधानसभा के उपचुनाव में मतदाताओं के बीच कोई मुद्दा नहीं है। यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला सिरमौर के पच्छाद विधानसभा के सराहां व नारग में आयोजित दो जनसभाओं में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा मात्र बयानबाजी में नहीं, बल्कि विकास में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पौने दो वर्षों में आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है। जनमंच कार्यक्रम प्रदेश में एक आम लोगों की समस्याओं का द्वार बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन की आयु सीमा 70 वर्ष कर प्रदेश के 1.30 लाख वृद्ध लोगों को लाभान्वित किया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समय पर निपटारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन व सहयोग से हिमाचल सरकार विकास की ऊंचाइयां छू रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव में राज्य के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में जीत हासिल कर नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। हिमाचल में भाजपा के लिए देश में सबसे अधिक वोट मिले तथा सबसे अधिक वोट प्रतिशत जीत का अंतर कांगड़ा लोकसभा से सांसद किशन कपूर का रहा। आयुष्मान भारत योजना के तहत 50 करोड़ लोगों को देश भर में लाया गया है तथा इस योजना के तहत हिमाचल में 22 लाख लोग कवर किए गए हैं। प्रदेश सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत न आने वाले परिवारों को स्वास्थ्य बीमा प्रदान करने के लिए हिमकेयर योजना शुरू की। केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार है। ऐसे में विधानसभा उपचुनाव में भी भाजपा के उम्मीदवार को जीताकर विकास आगे बढ़ेगा। मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी रीना कश्यप के समर्थन में स्थानीय लोगों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंचें। सीएम ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को एक मजबूत नेता मिला है तथा भारत वर्ष एक विश्व शक्ति के रूप में उभर रहा है।