भोटा में सब्जी के दाम पर दोस्तों ने धुना दुकानदार

हमीरपुर – सब्जी के दाम को लेकर दो लोगों ने दुकानदार की पिटाई कर दी। इसके बाद मामला पुलिस चौकी भोटा में दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार विजय कुमार निवासी वार्ड नंबर पांच भोटा तहसील बड़सर ने इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। इसने बताया कि वह भोटा वार्ड नंबर छह में किराए पर सब्जी/फल/फ्रूट की दुकान करता है। इसकी दुकान पर एक लड़का आया, उसने कुछ सेब, नींबू व कुछ अन्य सामान लिया। उसने कहा कितने पैसे हुए, इसने कहा कि 60 रुपए। इसके बाद उसने 50 रुपए के और सेब लिए। कुल 110 रुपए हुए। रेट को लेकर ही दोनों पक्षों में आपसी बहसबाजी शुरू हो गई। इसके बाद देखते ही देखते मामला गरमा गया। युवक ने पूछा कि दुकान का मालिक कौन है। इसने कहा कि यही मालिक है। वह लड़का दुकान के अंदर आया और लड़के के साथ मारपीट करने लगा। बाद में इसके दोस्तों ने भी इन दोनों के साथ मारपीट की है। मारपीट में इसे व इसके बेटे को चोटें आई हैं। इसके बाद मामला पुलिस में दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने दोनों घायलों का मेडिकल करवाया है और तीन लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है। इसकी पुष्टि पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अर्जित सेन ने की है।