महादंगल आज

महाराष्ट्र-हरियाणा में विधानसभा चुनाव को मतदान, 51 सीटों पर उपचुनाव

मुंबई/चंडीगढ़ –महाराष्ट्र और हरियाणा में सोमवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोनों ही प्रदेशों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए गए हैं। इसके अलावा सभी पोलिंग बूथों पर वोटिंग के लिए पर्याप्त प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को मतदान कराया जा सके। 21 अक्तूबर को महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनाव के अलावा उत्तर प्रदेश की 18 सीटों समेत देश में कुल 51 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी हो रहे हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, 21 अक्तूबर को उत्तर प्रदेश की 11 सीटों समेत गुजरात की छह, बिहार की पांच, केरल की पांच, पंजाब की चार, असम की चार, सिक्किम की तीन, राजस्थान की दो तमिलनाडु की दो और हिमाचल प्रदेश की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराए जाएंगे। इसके अलावा तेलंगाना, एमपी, पुड्डुचेरी, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और छत्तीसगढ़ की एक-एक सीट पर वोटिंग होगी। इसी दिन बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट पर वोटिंग कराई जाएगी।

महाराष्ट्र में 288 सीटों का फैसला

21 अक्तूबर को एक बार फिर दो राज्यों में सत्ता पाने की कोशिश कर रही बीजेपी के भाग्य का फैसला होगा। महाराष्ट्र विधानसभा की कुल 288 सीटों के लिए कुल 2239 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सोमवार 21 अक्टूबर को राज्यभर में मतदान होगा और गुरुवार 24 अक्तूबर को मतगणना होगी। राज्य में कुल आठ करोड़ 95 लाख 62 हजार 706 मतदाता मताधिकार का उपयोग करेंगे। चुनाव के लिए राज्य में कुल 95,473 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वोटिंग के लिए 1.8 लाख ईवीएम मशीनों का उपयोग होगा।

हरियाणा में 90 के लिए जंग

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा की 90 सीटों के लिए सोमवार को होने वाले चुनावों के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य के चुनाव आयोग कार्यालय सूत्रों के अनुसार मतदन प्रातः सात बजे से सायं छह बजे तक मतदान होगा। चुनाव मैदान में कुल 1168 उम्मीदवार हैं। चुनाव में मुख्य रूप से मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच देखा जा रहा है। ये दोनों दल सभी 90-90 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले चुनाव में वर्ष 2014 में 19 सीटें जीत पर दूसरे नम्बर पर ही इंडियन इनेलो दोफाड़ होकर अब इसमें से जजपा अस्तित्व में आ चुकी है।