सुंदरनगर में याद किए शहीद

1980 के कर्मचारी आंदोलन में काम आए कर्मचारियों की मनाई पुण्यतिथि

सुंदरनगर – पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के नजदीक शहीदी स्थल सुंदरनगर में सन् 1980 के कर्मचारी आंदोलन में शहीद हुए कर्मचारियों को उनकी पुण्यतिथि पर प्ररेणास्रोत के रूप में याद करते हुए प्रदेश भर से आए हुए कर्मचारियों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड इंप्लाइज यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह खरवाड़ा ने कहा कि 22 अक्तूबर, 2019 को बिजली कर्मचारियों की ज्वलंत मांगों के समर्थन में और बिजली बोर्ड प्रबंधक वर्ग के कर्मचारी विरोधी रवैये के खिलाफ  विद्युत बोर्ड मुख्यालय कुमार हाउस में यूनियन विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित करेगी। अगर उस दिन भी कर्मचारियों के मामलों को सुलझाने के लिए बोर्ड प्रबंधन पहल नहीं करता है, तो हजारों कर्मचारी  प्रदेश सरकार सचिवालय के बाहर प्रदर्शन करने के लिए कूच करेंगे। खरवाड़ा ने कहा कि सन् 2014 के बाद विद्युत बोर्ड लिमिटेड में जो लगभग चार हजार कर्मचारी जूनियर टी-मेट, हेल्पर, जेओए, कम्प्यूटर आपरेर्ट्स के रूप में भर्ती किए गए हैं, उनके सम्मानजनक पदोन्नति के नियम यूनियन के साथ वार्ता करके समयबद्ध अवधि में बनाए जाएं। यूनियन कहना चाहती है कि बोर्ड के एमडी व्यक्तिगत संबंध कार्यालय के बाहर निभाएं। इस अवसर पर यूनियन के वरिष्ठ उपप्रधान कामेश्वर शर्मा, जितेंद्र ठाकुर, वित सचिव रोशन लाल, उपमहासचिव जगमेल सिंह ठाकुर, अशोक भारद्धाज, सह सचिव पंकज परमार, उपाध्यक्ष दौलत राणा, दिलीप कुमार, वेद ठाकुर व ज्ञान चंद ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया।