सुभाष चोपड़ा दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष

सोनिया गांधी ने सौंपी कमान, कीर्ति आजाद कैंपेन कमेटी के चीफ

नई दिल्ली – लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार आज कांग्रेस के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कर दी गई। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सुभाष चोपड़ा को दिल्ली का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, बीजेपी से कांग्रेस में शामिल हुए कीर्ति आजाद को राज्य के कैंपेन कमेटी का चीफ बनाया गया है। पूर्व सीएम शीला दीक्षित के निधन के बाद से ही यह पद खाली चल रहा था। दिल्ली कांग्रेस का चीफ बनने के लिए कई नेताओं ने दावा किया था, लेकिन अंत में सोनिया ने सुभाष चोपड़ा पर भरोसा जताते हुए उन्हें अध्यक्ष बनाया। सोनिया गांधी ने बीजेपी से कांग्रेस में शामिल हुए कीर्ति आजाद को डीपीसीसी की प्रचार समिति का चेयरमैन चुना है। आजाद को यह जिम्मेदारी ऐसे समय में दी गई है जब भारतीय युवा कांग्रेस के नेताओं ने राहुल गांधी को संदेश भेजकर आजाद या किसी अन्य बाहरी नेता को डीपीसीसी का अध्यक्ष नहीं बनाने और किसी युवा चेहरे को कैंपेन चीफ बनाने का आग्रह किया था। गौरतलब है कि चोपड़ा पहले भी दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे हैं। वह कालकाजी विधानसभा सीट से विधायक भी रहे हैं। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व क्रिकेटर आजाद ने इस नियुक्ति के साथ लंबे समय बाद दिल्ली की राजनीति में वापसी की है। बीजेपी में रहते हुए वह दरभंगा से सांसद रहे थे। कीर्ति के पिता भागवत झा आजाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बिहार के मुख्यमंत्री रहे थे। दिल्ली विधानसभा चुनाव जैसे जैसे करीब आता जा रहा था वहीं नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए कांग्रेस में गहमागहमी तेज हो गई थी। महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के बाद दिल्ली प्रदेश इकाई में कांग्रेस के नए अध्यक्ष को लेकर एक बार फिर से हलचल तेज हो गई थी।