सुस्त वोटिंग के बीच बुजुर्गों ने दिखाया जोश

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान 93 के खन्ना और 100 के खिलाड़ी ने डाला वोट

मुंबई – मतदान को लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व माना जाता है। महाराष्ट्र में वोटिंग की रफ्तार थोड़ी सुस्त रही, लेकिन इस सबसे बड़े उत्सव को लेकर बुजुर्ग मतदाताओं का जोश और जज्बा देखते ही बन रहा था। मुंबई से ऐसी हो कई तस्वीरें सामने आई हैं। यहां 90 से लेकर 100 साल तक के जागरूक मतदाता, जब अपना वोट डालने पहुंचे तो हर किसी की नजरें टिकी रह गईर्ं। केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने ऐसे ही एक वोटर को आज का हीरो बताया है। 100 साल की उम्र में भी खिलाड़ी राम शर्मा ने लोकतंत्र के प्रति जज्बे और समर्पण की मिसाल कायम की है। खास बात यह है कि इतनी उम्र होने के बावजूद वह बिना किसी की मदद के अपने दम पर मतदान केंद्र तक पहुंचे। खिलाड़ी राम शर्मा ने भांडुप ईस्ट विधानसभा क्षेत्र के पवार पब्लिक स्कूल में स्थित पोलिंग बूथ में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। 100 साल के इस समर्पित वोटर ने मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए न तो व्हील चेयर का सहारा लिया न किसी का कंधा ढूंढा। वह एक छड़ी की मदद से पोलिंग बूथ पर पहुंचे और मतदान करने के बाद काफी खुश नजर आए। खास बात यह रही कि महातेकर के साथ उनकी पत्नी के अलावा 90 साल की बुजुर्ग मां भी वोट डालने घर से निकलीं। अवस्था ज्यादा होने की वजह से उनको चलने-फिरने में दिक्कत होती है। इसके बावजूद वह एक व्हील चेयर पर बैठकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने बूथ तक पहुंचीं।

स्मृति बोलीं, आज के हीरो खन्नाजी हैं

केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने मुंबई के एक बूथ पर वोट डालने के बाद 93 साल के एक बुजुर्ग मतदाता की जमकर तारीफ की। उन्होंने मतदान का नीला निशान दिखाते हुए इस शख्स के साथ तस्वीरें खिंचाईं। स्मृति ने पोलिंग बूथ के बाहर मीडिया से बातचीत में कहा कि आज के हीरो खन्नाजी हैं। उन्होंने सेना में अपनी सेवाएं दी थीं। वह 93 साल के हैं और वोट डालने के लिए आए हैं। इससे हमें प्रेरणा मिलती है। अगर 93 साल की उम्र में वह वोट डाल सकते हैं तो आपको कौन रोक रहा है?

बीमार बुजुर्ग ने वोट डाल पेश की मिसाल

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सोमवार को हुए मतदान में पुणे के जहांगीर अस्पताल में भर्ती 102 वर्षीय वयोवृद्ध मतदाता हाजी इब्राहिम ने लोकतंत्र की आस्था के पर्व के मौके पर एंबुलेंस से मतदान केंद्र पहुंच वोट डालकर नजीर पेश की। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक जब इब्राहिम ने वोट डालने की जिद की तो अस्पताल की ओर से उन्हें एंबुलेंस मुहैया कराई गई। कस्बा पेठ विधानसभा क्षेत्र में अहिल्या बाई स्कूल मतदान केंद्र पर 89 वर्षीय वृद्ध महिला ने अपने परिवार के लोगों की मदद से वोट डाला।

बसपा वर्कंर ने ईवीएम पर फेंकी स्याही

ठाणे – महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की वोटिंग के दौरान बहुजन समाज पार्टी के एक कार्यकर्ता ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर स्याही फेंक दी। ठाणे के एक पोलिंग बूथ में मशीन पर स्याही फेंकते हुए नेता ने ईवीएम के खिलाफ नारेबाजी भी की। आरोपी को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। ठाणे हेड पोस्ट आफिस में सोमवार को वोटिंग के दौरान यह घटना हुई। आरोपी बीएसपी कार्यकर्ता की पहचान सुनील खाम्बे के तौर पर हुई है, जो कि स्थानीय नेता है। आरोपी ने अपना वोट डालने के बाद अचानक से मशीन पर स्याही फेंकना शुरू कर दिया। आरोपी ने अचानक से डा. बाबासाहेब अंबेडकर का नाम लेकर नारा लगाना शुरू कर दिया। वह स्याही फेंकते हुए ईवीएम मशीन मुर्दाबाद और ईवीएम मशीन नहीं चलेगा के नारे लगाने लगा।