8वां खुशवंत सिंह लिटफेस्ट 11 से

सोलन – पर्यटन नगरी कसौली में एक बार फिर से वीवीआईपी हस्तियों से गुलजार होगा। दरअसल, इस बार पर्यटन नगर कसौली में 11 से 13 अक्तूबर तक आठवें खुशवंत सिंह लिटफेस्ट का आयोजन होगा। खुशवंत सिंह लिटरेचर फेस्टिवल इस बार सेंट्स एंड सिनर्स (संत व पापी) थीम पर आधारित होगा। सदी के जाने-माने लेखक स्वर्गीय खुशवंत सिंह को समर्पित आठवें लिटफेस्ट में देश-विदेश के नामी लेखक, साहित्यकार, राजनीति और फिल्मी दुनिया की हस्तियां शिरकत करेंगी। लिटफेस्ट कसौली के अप्पर माल रोड स्थित कसौली क्लब में आयोजित होगा। जानकारी के अनुसार खुशवंत सिंह का कसौली में अप्पर माल से नीचे अपना राज विला नाम से बंगला है। यहां वे गर्मियों के दिनों का अधिकांश समय बिताया करते थे। उन्होंने अपने लेखन की अधिकांश प्रसिद्ध उपन्यास और किताबें कसौली स्थित राज विला में ही लिखी हैं। ट्रेन टू पाकिस्तान जैसे कालजयी पुस्तक भी कसौली में ही लिखी गई थी। लेखक खुशवंत सिंह पर्यटन नगर कसौली से खास लगाव था और वह कसौली अपना दूसरा घर समझते थे इसलिए कसौली को ही लिटफेस्ट के लिए चुना गया था। खुशवंत सिंह अपने लेखों में कसौली के किसी न किसी जगहों और अपने मित्रों के बारे में भी लिखते थे। उनके कसौली के प्रति स्नेह को देखते हुए ही उनको समर्पित लिटफेस्ट कसौली में ही शुरू किया गया है। लिटफेस्ट में देश-विदेश के नामी लेखक, साहित्यकार, राजनीति और फिल्मी दुनिया की हस्तियां शिरकत करेंगी। भारत ने एक पत्रकार, साहित्यकार, उपन्यासकार व स्तंभकार बेशक खो दिया है, लेकिन लिटफेस्ट आज भी उनको हमारे बीच जिंदा होने का एहसास करवाता है।