आज आंधी-ओले और बर्फबारी

शिमला – हिमाचल के सात जिलों में शुक्रवार को भारी बारिश, आंधी, ओलावृष्टि व बर्फबारी कहर बरपाएगी। मौसम विभाग ने शिमला, किन्नौर, लाहुल-स्पीति, मंडी, कुल्लू, चंबा व सिरमौर में बारिश व बर्फबारी होने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान मैदानी इलाकों में कुछ जगह बारिश होगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य में शनिवार को भी बारिश व बर्फबारी का क्रम जारी रहेगा, जबकि विभाग द्वारा राज्य में 17 से 20 नवंबर तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। प्रदेश में मौसम ने गुरुवार को ही करवट ले ली थी। राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक-दो जगह हल्की बारिश होने की सूचना है। इसके अलावा शेष हिमाचल में मौसम खराब बना रहा। आसमान में काले बादलों के घिरने और शीतलहरों के प्रवाह से तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। सोलन के पारे में सबसे ज्यादा तीन डिग्री की गिरावट रिकॉर्ड की गई है। शिमला, नाहन, डलहौजी में अधिकतम तापमान में एक डिग्र्री तक की गिरावट आई है। सुंदरनगर, बिलासपुर, चंबा व हमीरपुर के तापमान में भी हल्की गिरावट आंकी गई है। ऊना, कांगड़ा, भुंतर व कल्पा के तापमान में हल्की बढ़ोतरी आई है। न्यूनतम तापमान में भी सामान्य से तीन से चार डिग्री अधिक चल रहा है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री कम चल रहा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।