इतिहास से छेड़छाड़ पर भड़के राठौर

कहा, भाजपा के दुष्प्रचार का कड़ा जवाब देगी कांग्रेस

शिमला – कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने केंद्र की मोदी सरकार पर बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इतिहास से छेड़छाड़ कर उनके नेताओं के बारे में झूठ बोल कर लोगों को गुमराह करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि भाजपा के दुष्प्रचार का कड़ा जवाब दिया जाए। उन्होंने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के बारे में जिस प्रकार से भाजपा अनाप-शनाप बोल रही है, उसका उन्हें कड़ा जवाब दिया जाना चाहिए। श्री राठौर ने गांधी परिवार की सुरक्षा से एसपीजी हटाने की निंदा करते हुए कहा कि यह निर्णय उनकी घटिया राजनीति व मानसिकता का परिचायक है। उन्होंने पार्टीजनों से कहा कि यह समय घर बैठने का नहीं है। कांग्रेस के लिए यह एक चुनौती है कि भाजपा के भ्रमजाल से लोगों को कैसे बचाया जाए। वैसे इसकी शुरुआत हरियाणा व महाराष्ट्र से हो चुकी है और जल्द ही देश में कांग्रेस पुर्नस्थापित होगी। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में प्रदेश कांग्रेस द्वारा जिलों में चलाए गए जन जागरण अभियान को जो आम लोगों का जनसमर्थन मिला है, उससे साफ है कि देश और प्रदेश में भाजपा के लिए परिस्थितियां बदल रही हैं। भाजपा से देश मुक्त होना चाहता है।  उन्होंने कहा कि वह पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को पूरी अहमियत दे रहे हैं। वह सबको साथ लेकर चल रहे हैं। उन्होंने सभी का आह्वान किया कि वह भाजपा के खिलाफ संघर्ष के लिए एकजुट हो जाएं।