एनडीए से अलग हुई शिवसेना

शिवसेना के कोटे से केंद्रीय मंत्री सावंत ने दिया इस्तीफा

नई दिल्ली –महाराष्ट्र में सरकार के गठन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से खींचातानी के बीच  केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार में शिवसेना के मंत्री अरविंद सावंत ने सोमवार को अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। इसके साथ ही माना जा रहा है कि भाजपा-शिवसेना 30 साल में दूसरी बार अलग हो गए हैं। दोनों दलों के बीच 1989 में गठबंधन हुआ था। 1990 का महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव दोनों दलों ने साथ लड़ा था। 2014 विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दल अलग हो गए थे। दोनों दलों ने चुनाव भी अलग लड़ा। हालांकि, बाद में सरकार में दोनों साथ रहे। श्री सावंत ने सोमवार को अपने आवास पर संवाददाताओं से कहा कि भाजपा चुनाव पूर्व वादों से मुकर गई है। इसलिए उनके लिए केंद्र सरकार में बना रहना नैतिक नहीं होगा। अतः उन्होंने केंद्र सरकार से त्यागपत्र दे दिया है। इससे पहले श्री सावंत ने ट््विटर पर अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा था कि वह अपने पद से त्यागपत्र दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में लोकसभा के चुनाव में भाजपा एवं शिवसेना में एक फार्मूले पर सहमति बनी थी और दोनों पक्ष आश्वस्त थे, लेकिन भाजपा का इस फार्मूले से मुकरना चौंकाने वाली बात है। शिवसेना का पक्ष सत्य का है, भाजपा का नहीं। हम इतने झूठे माहौल में दिल्ली सरकार में क्यों रहंे और इसीलिए मैं केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दे रहा हूं। भाजपा शिवसेना के बीच सीटों का बंटवारा 50-50 प्रतिशत तय था, लेकिन नतीजे आने के बाद भाजपा ने कहा कि ऐसे किसी करार पर बात नहीं हुई। अब केंद्र में काम नहीं कर सकता हूं।