जेसीसी मीटिंग बुलाओ, वरना संघर्ष

अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने सरकार से उठाई मांग

मंडी – हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष एनआर ठाकुर ने कहा कि 20 नवंबर को हमीरपुर में आयोजित महासंघ के 54वें स्थापना दिवस की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भोटा स्थित के-स्टार होटल में हो रहे इस स्थापना दिवस में प्रदेश के 400 कर्मचारी नेता भाग लेंगे। राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष विपिन कुमार डोगरा और भामस के प्रांतीय महामंत्री मंगत राम नेगी भी इस समारोह में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि यह फेडरल हाउस काफी महत्त्वपूर्ण होगा, क्योंकि इसमें विभिन्न कर्मचारी मुद्दों पर गहरी चर्चा करके भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने खेद जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता में काबिज करने के लिए प्रदेश के कर्मचारियों और मजदूरों ने कड़ी मेहनत की थी, क्योंकि वे कांग्रेस सरकारी की कर्मचारी विरोधी नीतियों से दुखी थे। कर्मचारियों और मजदूरों को उम्मीद थी कि भाजपा सत्ता में आते ही कर्मचारी मुद्दों पर गंभीरता से विचार करेगी, लेकिन आज भाजपा भी कांग्रेस की तर्ज पर कर्मचारी मुद्दों से अपना मुंह फेर रही है। पिछले दो वर्षों से कर्मचारी संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी। यहां तक कि महासंघ द्वारा सरकार को भेजे 56 सूत्री मांगपत्र पर भी कोई विचार नहीं हुआ। अब अगर सरकार जेसीसी का जल्द आयोजन नहीं करती, तो महासंघ के पास संघर्ष के सिवाए और कोई विकल्प नहीं होगा। प्रदेश में सर्व कर्मचारी संघर्ष समिति का गठन करके सभी विभागों के कर्मचारियों को लामबंद करके कर्मचारियों की तकदीर और तस्वीर बदलने का महासंघ प्रयास करेगा।