डेविड एटनबरो को 2019 का इंदिरा गांधी शांति सम्मान

नई दिल्ली – पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की अध्यक्षता वाली अंतरराष्ट्रीय ज्यूरी ने प्रसिद्ध प्रकृति विज्ञानी और प्रसारक सर डेविड एटनबरो को ‘इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास’ सम्मान 2019 के लिए चयनित किया है। इंदिरा गांधी स्मारक न्यास के सचिव सुमन दुबे ने बताया कि सर डेविड एटनबरो पांच दशक से अधिक समय से जीव जंतुओं पर लगातार काम कर रहे हैं और उन्होंने इस पर कई महत्त्वपूर्ण पुस्तकें भी लिखी हैं। सर  एटनबरो ने पारिस्थितिकी को लेकर जो सशक्त संदेश दिया, उनकी आवाज को पूरी दुनिया ने सुना है और इस चिंता पर अपना ध्यान केंद्रित किया है। एक प्रसारक के रूप में उन्होंने पूरी दुनिया के करोड़ों लोगों को जीव जंतुओं के बारे में व्यापक और रोचक जानकारी दी और बताया कि इनसान और प्रकृति के लिए इन जीव जंतुओं का कितना महत्त्व है।