बीजेपी कार्यकर्ताओं को मिलेगा पूरा मान-सम्मान

पंचकूला –हरियाणा के विधानसभा चुनाव में उम्मीद से कम सीटें आने के बाद अब भाजपा ने मंथन शुरू कर दिया है, जिसके चलते मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं की नाराजगी की वजह टटोलनी शुरू कर दी है।    मुख्यमंत्री मनोहर लाल कुरुक्षेत्र पहुंचे थे। यहां पर वो पूर्व विधायक पवन सैणी की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए पहुंचे थे, लेकिन आनन-फानन में पदाधिकारियों की बैठक बुला ली। यहां पर करीब डेढ़ घंटे तक मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ मंथन किया। इस दौरान मीडिया और अधिकारियों को बैठक से दूर रखा गया। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कार्यकर्ताओं से नाराजगी की वजह पूछी तो बताया कि पार्टी में पुराने कार्यकर्ताओं को पूरा मान सम्मान नहीं मिला, जिस वजह से जनता के बीच ज्यादा संवाद उन लोगों ने नहीं किया। इस दौरान बताया कि मंत्रियों और विधायकों के साथ भी कार्यकर्ताओं का संवाद नहीं हुआ, जिस वजह से यह स्थिति हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने आगे से सभी कार्यकर्ताओं को पूरा मान सम्मान देने की बात कही।