महंगाई-बेरोजगारी को सरकार जिम्मेदार

किन्नौर में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली में गरजे प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर

रिकांगपिओ  – प्रदेश कांग्रेस पार्टी के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में किन्नौर कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार के विरुद्ध जन आक्रोश रैली निकाली। इस दौरान केंद्र व प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में बढ़ती महंगाई, बढ़ती बेरोजगारी, आर्थिक मंदी, बैंकिंग सिस्टम में पतन, निजी क्षेत्रों को प्राथमिकता देना जैसी नीतियों को लेकर कुलदीप सिंह ठाकुर सहित किन्नौर के विधायक जगत सिंह नेगी सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल की भूमि को बेचने का काम चल रहा है, ताकि बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया जा सके। इसी लिए इन्वेस्टर मीट जैसे कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा केन्द्र सरकार रिजर्व बैंक से पैसा निकाल कर उद्योगपतियों के कर्ज तक माफ कर रही है, जबकि आम आदमी महंगाई की मार झेल रहा है। इसके साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि आने वाले 2022 के विधानसभा चुनावों के हिमाचल की इबारत बदलने वाली है। हाल ही में महाराष्ट्र या हरियाणा के चुनावों में जिस तरह से भाजपा की वोट प्रतिशतता गिरी है, उससे साफ है कि अब जनता मोदी व अमित शाह को झेलने वाली नहीं है।