मानसिक स्वास्थ्य चुनौती, संतुलन बनाना जरूरी

राहुल द्रविड़ ने माना, काफी गंभीर है क्रिकेट जगत में फैल रही बीमारी

नई दिल्ली – भारत के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ का मानना है कि क्रिकेट जैसे कठिन खेल में मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखना बड़ी चुनौती है। खिलाडि़यों को व्यस्त कार्यक्रम और अनिश्चित भविष्य के तनाव से निपटने के लिए संतुलन बनाना चाहिए। क्रिकेट से दूर रहकर सामंजस्य बिठाना कठिन होता है। उन्होंने कहा, यह बड़ी चुनौती है। क्रिकेट कठिन खेल है। इतनी प्रतिस्पर्धा और दबाव है और लड़के साल भर खेलते हैं। कई बार इस खेल में आपको इंतजार करना होता है और सोचने का काफी समय होता है। ग्लेन मैक्सवेल और  विल पुकोस्वस्की समेत तीन आस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्ज ने मानसिक स्वास्थ्य का हवाला देकर खेल से ब्रेक लिया है। राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के निदेशक द्रविड़ ने कहा कि कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच खिलाडि़यों को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा, आपको मैदान के भीतर और बाहर स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा। संतुलन बनाए रखना जरूरी है।