हरियाणा मंत्रिमंडल का विस्तार आज

राजभवन में दोपहर 12:30 बजे राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य भाजपा-जननायक जनता पार्टी के मंत्रियों को दिलाएंगे शपथ

चंडीगढ़ – हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी-जननायक जनता पार्टी सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार कल (गुरुवार, 14 नवंबर) को होगा। राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य नए मंत्रियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। हरियाणा विधानसभा के 21 अक्तूबर को हुए चुनावों के नतीजे 24 अक्तूबर को आए थे और किसी पार्टी को स्पष्ट बहुमत न मिलने के कारण भारतीय जनता पार्टी ने जननायक जनता पार्टी के साथ मिलकर सरकार बनाई। दोनों पार्टियों के बीच हुए करार के मुताबिक दिवाली के दिन (27 अक्तूबर को) भाजपा के मनोहर लाल खट्टर और जेजेपी के दुष्यंत चौटाला ने क्रमशः मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। 90 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा को स्पष्ट बहुमत के लिए छह सीटें कम मिली थीं, जिसके बाद पार्टी ने जेजेपी के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। चुनाव में भाजपा को 40, कांग्रेस को 31, जेजेपी को दस, इंडियन नेशनल लोकदल और हरियाणा लोकहित पार्टी को एक-एक  सीटें मिली थीं तथा सात निर्दलीय चुने गए थे। नए मंत्रियों को राजभवन में दोपहर 12:30 बजे शपथ दिलाई जाएगी। यह विस्तार मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के शपथ लेने के करीब 17 दिन दिन बाद हो रहा है। दोनों ने 27 अक्तूबर को शपथ ली थी।