हिमाचल प्रदेश में एक लाख हितचिंतक बनाएगी विहिप

मंडी – विश्व हिंदू परिषद प्रदेश में एक लाख हितचिंतक बनाएगी। विहिप के प्रांत अध्यक्ष लेखराज राणा ने कहा कि 17 नवंबर से तीन दिसंबर तक देश व प्रदेश भर में हितचिंतक अभियान चलाया जा रहा है। इसमें हितचिंतकों का रिकार्ड तैयार किया जाता है। इस दौरान हितचिंतकों से 20 रुपए शुल्क लिया जाता है। उन्होंने बताया कि विहिप हिमाचल प्रदेश में कई तरह के सेवा कार्य चला रहा है। इसमें बच्चों में शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए 52 संस्कार शालाएं चलाई जा रही हैं। ये संस्कार शालाएं शहरों के नजदीक हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में विहिप की ओर से एकल अभियान के तहत आठ हजार एकल विद्यालय चलाए जा रहे हैं। लेखराज राणा ने श्रीराम जन्मभूमि के बारे में दिए गए सौहार्दपूर्ण फैसले पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे राम मंदिर के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर से धारा 370 और 35ए हटाना ऐतिहासिक निर्णय  है। इस अवसर पर मंडी जिला विहिप अध्यक्ष हरमत सिंही बिटटू व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।