एक नजर

महिला हाकी टीम ने हराया न्यूजीलैंड

नई दिल्ली। भारतीय जूनियर महिला हाकी टीम ने तीन देशों के टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत बुधवार को न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर की। भारत की जीत में लालरिंदीकी ने 15वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि प्रभलीन कौर ने 60वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर दूसरा गोल दागा। न्यूजीलैंड ने इससे पहले मेजबान आस्ट्रेलिया को मंगलवार को पहले मैच में 3-1 से हराया था। भारतीय टीम अब गुरुवार को आस्ट्रेलिया से भिड़ेगी।

मिकी आर्थर अब श्रीलंका के नए कोच

कोलंबो। दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी कोच मिकी आर्थर दो साल के लिए श्रीलंका की राष्ट्रीय टीम के नए कोच होंगे, जबकि ग्रांट फ्लावर और डेविड सेकर सहयोगी स्टाफ के सदस्य होंगे। एक खेल वेबसाइट की खबर के अनुसार फ्लावर सीमित ओवरों के प्रारूप में टीम के बल्लेबाजी कोच होंगे, जबकि सेकर नए गेंदबाजी कोच की भूमिका निभाएंगे। श्रीलंका के मौजूदा मुख्य कोच चंडिका हथुरुसिंघा हैं।

ओवेन कॉयल चेन्नइयिन एफसी के नए कोच

चेन्नई। इंडियन सुपर लीग टीम चेन्नइयिन एफसी ने बुधवार को बर्नले और बोल्टन वांडरर्स के पूर्व मैनेजर ओवेन कॉयल को मौजूदा सत्र के अंत तक मुख्य कोच नियुक्त किया। स्कॉटलैंड के 53 साल के कॉयल इंग्लैंड के जान ग्रेगरी की जगह लेंगे। मौजूदा आईएसएल सत्र की खराब शुरुआत के बाद दो बार के चैंपियन चेन्नईयिन एफसी और ग्रेगरी ने अलग होने का फैसला किया।

कैग की प्रतिनिधि होंगी अलका रेहानी

नई दिल्ली। भारतीय लेखा परीक्षा और लेखा सेवा अधिकारी अलका रेहानी भारद्वाज भारतीय क्रिकेट बोर्ड की शीर्ष परिषद में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की प्रतिनिधि होंगी। उच्चतम न्यायालय से मंजूर किए गए नए संविधान में इसकी व्यवस्था है। रेहानी भारद्वाज 1993 बैच की अधिकारी हैं और अभी मुंबई के क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान में निदेशक पद पर कार्यरत हैं। कैग के प्रधान निदेशक विक्रम मुरुगराज ने एक पत्र में रेहानी भारद्वाज को सूचित करके उन्हें बीसीसीआई की शक्तिशाली शीर्ष परिषद में एक काउंसिलर के रूप में नियुक्त करने के बारे में सूचित किया।

भारत ने ताइक्वांडो में जीते छह पदक

काठमांडू। भारत ने बुधवार को यहां 13वें दक्षिण एशियाई खेलों की ताइक्वांडो स्पर्धा में दबदबा बनाते हुए तीन स्वर्ण सहित कुल छह पदक अपने नाम किए। लैतिका भंडारी (अंडर 53 किग्रा), जरनेल सिंह (अंडर 74 किग्रा) और रूदाली बरूआ (ओवर 73 किग्रा) ने स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते। सौरव और गंगजोत ने पुरुषों की अंडर 63 किग्रा और महिलाओं की 62 किग्रा में रजत पदक प्राप्त किए, जबकि चैतन्य इनामदार ने पुरुष ओवर 86 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। मंगलवार को ताइक्वांडो खिलाडि़यों ने एक स्वर्ण और तीन कांस्य पदक जीते थे।