एचआरटीसी ने शुरू की ‘अपनी’ कूरियर सर्विस

2017 में निजी कंपनी से करार रद्द करने के बाद ठप थी व्यवस्था

बिलासपुर – सेवाप्रदाता कंपनी के साथ तय एग्रीमेंट रद्द होने के बाद लड़खड़ाई कूरियर सेवा को अब हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने फिर से आरंभ कर दिया है। हालांकि हिमाचल के अलावा चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए कूरियर  भेजने के बाबत निर्धारित रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है। जानकारी के मुताबिक एचआरटीसी ने चंडीगढ़ की मैसर्ज असेंड वर्ल्डवाइड सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के साथ कूरियर  सेवा के लिए करार किया था। कंपनी की ओर से 2016 से 2019 तक सेवाएं देने की बात तय हुई थी, लेकिन बीच में ही व्यवस्था लड़खड़ाने लगी और कंपनी भी टर्म एंड कंडीशन पूरी नहीं कर पा रही थी। इसके चलते 2017 में निगम प्रबंधन ने कंपनी के साथ किया गया करार रद्द कर दिया था। इस अवधि के बाद कूरियर सेवा भी ठप होकर रह गई थी। ऐसे में जनता की सुविधा के मद्देनजर अब अपने स्तर पर एचआरटीसी ने कूरियर  व पार्सल सेवा शुरू कर दी है। बस अड्डों के प्रभारियों को कूरियर  सेवा को सुचारू रूप से चलाने का जिम्मा सौंपा गया है। जनता की सुविधा को देखते हुए यह सेवा शुरू की गई है। इतना ही नहीं, कूरियर  भेजने वाले लोगों को बाकायदा पेमेंट के बाद रसीद काटकर दी जा रही है। उल्लेखनीय है कि इस समय एचआरटीसी के हिमाचल प्रदेश में 27 डिपो कार्यरत हैं। इन सभी डिपो के माध्यम से कूरियर  व पार्सल सेवा का संचालन किया जा रहा है। सभी डिपो प्रबंधन को प्रबंध निदेशक कार्यालय शिमला से रेट लिस्ट जारी हुई है। उधर, इस संदर्भ में बिलासपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन कुमार शर्मा ने बताया कि कूरियर  सेवा शुरू कर दी गई है।  अब निगम प्रबंधन अपने स्तर पर ही इस सेवा का संचालन कर रहा है।

 

डाक्यूमेंट कैटेगरी (फॉर हिमाचल, चंडीगढ़ व दिल्ली)

            वजन                  रेट

  1. अप टू 250 ग्राम 15 रुपए
  2. 251 टू 500 ग्राम 20 रुपए
  3. 501 ग्राम से एक किलो 25 रुपए

नॉन डाक्यूमेंट कैटेगरी ऑनली अप टू 50 किलोग्राम

  1. हिमाचल प्रदेश व चंडीगढ़ 20 रुपए प्रति किलोग्राम
  2. बस स्टैंड टू दिल्ली 25 रुपए प्रति किलोग्राम