कालका-शिमला एनएच पर पहाड़ी खिसकी, कई घरों को खतरा।

कालका-शिमला नेशनल हाई-वे पर मंगलवार देर रात भारी मात्रा में भू-स्खलन हो गया। इस कारण हाई-वे पर सनवारा में नन्दे का थड़ा गांव के समीप एक घण्टा तक वाहनों के पहिए थम गए। पहाड़ से मलवा इतनी अधिक मात्रा में आया कि अभी तक एक तरफा रोड पत्थर व मिट्टी से बन्द है। बताया जा रहा है कि यह भू-स्खलन रात करीब एक बजे हुआ है। भू-स्खलन के बाद पहाड़ी पर बने घरों पर भी संकट के काले बादल मंडरा रहे हैं और लगातार जमीन धंस रही है। इसके डर से लोगों ने रात जाग कर काटी है। हालांकि स्थानीय लोगों ने भू-स्खलन बारे एनएचएआई और जिला प्रशासन को अवगत करवा दिया है। इससे पहले भी यहां पर पहाड़ी की कटिंग करने के बाद भूस्खलन हुआ था और लगाए गए डंगे भी टूट चुके हैं।