दिन में धूप, कंपकंपी कायम

शिमला – हिमाचल में एक सप्ताह से मौसम शुष्क चल रहा है। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में दिन के समय धूप खिल रही है, लेकिन इसके बाद भी राज्य में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राज्य में सात स्थानों का तापमान लुढ़ककर माइनस डिग्री में चल रहा है। चंबा का तापमान शून्य में रिकॉर्ड किया गया है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आने के बाद राज्य के मैदानी इलाकों में भी जमकर ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में 31 दिसंबर से बारिश व बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो जाएगा, जो तीन जनवरी तक जारी रहेगा। इस दौरान राज्य के मैदानी इलाकों में बारिश होगी, जबकि पहाड़ों पर फिर बर्फबारी होने की संभावना जताई जा रही है, जो समूचे राज्य को कड़ाके की ठंड की चपेट में ले सकती है। राज्य में शनिवार को मौसम साफ बना रहा। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में दिन भर धूप खिली रही, जिससे अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऊना व नाहन के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा दो डिग्री की उछाल रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा बिलासपुर व हमीरपुर के तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी आंकी गई है।