दिल्ली रैली को कांगे्रस ने बनाई रणनीति

14 को होने वाला आंदोलन को-आर्डिनेट करेंगे पठानिया और किमटा

शिमला –दिल्ली में 14 दिसंबर को होने वाली चेतना रैली के लिए प्रदेश कांग्रेस ने रणनीति तैयार कर ली है। गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पार्टी नेताओं को जिम्मेदारी भी सौंपी गई। राठौर ने रजनीश किमटा और केवल सिंह पठानिया को को-आर्डिनेटर बनाया है, जो रैली में समन्वय स्थापित करेंगे। श्री राठौर ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी  के आह्वान पर 14 दिसंबर को भारत बचाओ रैली में नई दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रदेश भर से एक हजार से अधिक पार्टी कार्यकर्ता भाग लेंगे। सभी लोग हिमाचल भवन से हिमाचली परिधान में रैली स्थल रामलीला मैदान को पैदल कूच करेंगे। हिमाचल भवन नई दिल्ली में पार्टी कार्यकर्ताओं को रजनीश किमटा व केवल सिंह पठानिया को-आर्डिनेट करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की यह रैली ऐतिहासिक रैली साबित होगी, जिससे केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा से सत्ता परिवर्तन की शुरूआत होगी। इसके लिए सभी को एकजुट होकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों और कार्यों का डटकर विरोध करना है। श्री राठौर ने कहा कि प्रदेश में केंद्र की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ  आयोजित जन चेतना रैलियों में लोगों का जो सर्मथन पार्टी को मिला है, उससे साफ है कि प्रदेश में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है।

पच्छाद उपचुनाव हार का पोस्टमार्टम आज

पच्छाद उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी के हार के कारणों की जांच के लिए गठित समिति शुक्रवार को पोस्टमार्टम करेगी। इसके लिए सराहां में बैठक आयोजित की जाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव हरि कृष्ण हिमराल ने बताया कि केंद्रीय आलाकमान के निर्देश पर प्रदेश सह प्रभारी गुरकिरत सिंह, सदस्य पूर्व विधायक अजय महाजन और कुलदीप पठानिया पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनाव का पूरा फीडबैक लेंगे।