पहाड़ों पर फिर शुरू होगा बारिश-बर्फबारी का दौर

शिमला – हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। आसमान में बादलों के घिरने से राज्य में दिन के समय भी ठंड का एहसास हुआ। इससे अधिकतम तापमान में एक से सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार को किन्नौर, लाहुल स्पीति, कुल्लू, मंडी व चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी होगी। वहीं, 11 दिसंबर से राज्य भर में मौसम खराब बना रहेगा। 12 व 13 दिसंबर को मध्यम व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम रौद्र रूप दिखाएगा। मौसम विभाग ने दो दिन का यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य में 15 दिसंबर तक मौसम कड़े तेवर दिखाएगा। उधर, प्रदेश भर में सोमवार को सुबह से ही आसमान में काले बादल घिरने शुरू हो गए थे। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में दिन भर मौसम खराब बना रहा। इस दौरान भुंतर के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा सात डिग्री की गिरावट आई है। इसके अलावा सुंदरनगर में छह, ऊना में पांच, कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर व नाहन के पारे में चार डिग्री सेल्सियस तक  की गिरावट आंकी गई है। इसके साथ न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। कल्पा को छोड़कर शेष हिमाचल के न्यूनतम तापमान में गिरावट रिकार्ड की गई है। राज्य के केलांग व मनाली का पारा अभी भी माइनस डिग्री में चल रहा है। कल्पा का पारा शून्य डिग्री में दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि पहाड़ों पर मंगलवार को बारिश व बर्फबारी होगी। 11 दिसंबर से समूचे राज्य में बारिश व बर्फबारी होगी, जबकि राज्य में 12 व 13 दिसंबर को मौसम रौद्र रूप दिखाएगा। बहरहाल इन दिनों प्रदेश भर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुबह-शाम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

कहां, कितना तापमान

शहर   अधिकतम   न्यूनतम

शिमला    13.7       4.9

सुंदरनगर  16.5       2.4

भुंतर       13.4       1.4

कल्पा     7.2        0.4

धर्मशाला   14.4       7.8

ऊना       20.5       5.5

सोलन     19.0       —

नाहन      18.8       12.3

केलांग     2.3        -8.6

कांगड़ा    18.2       6.4

बिलासपुर 19.0       6.5

हमीरपुर    18.9       6.0

चंबा       15.3       3.0

डलहौजी  11.0       7.4