पांगी घाटी ने ओढ़ी सफेद चादर

किलाड़ में छह इंच पड़ी बर्फ,ऊपरी क्षेत्रों में एक से डेढ़ फुटतक ताजा हिमपात

पांगी – जनजातीय उपमंडल पांगी ने गुरुवार को एक बार फिर से बर्फ  की सफेद चादर ओढ़ ली है। गुरुवार को पांगी मुख्यालय किलाड़ में छह ईंच और ऊपरी क्षेत्रों में एक से डेढ फुट ताजा बर्फबारी हुई है। समाचार लिखे जाने तक पांगी घाटी में बर्फबारी का क्त्रम लगातार जारी था। बर्फबारी के बीच हाड कंपा देने वाली हवाओं के चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं। इसके साथ ही उपमंडल के मुख्य सहित संपर्क मार्गो पर वाहनों के पहिये भी थमकर रह गए हैं। उधर, मौसम के बिगडे मिजाज के मद्देनजर उपमंडलीय प्रशासन ने लोगों से बर्फबारी के बीच घरों से बाहर न निकलने का अहवान किया है। जानकारी के अनुसार गुरूवार सवेरे पांगी में मौसम के बिगडे मिजाज के बीच एकाएक बर्फबारी का दौर आरंभ हो गया। और देखते ही देखते पूरी पांगी घाटी बर्फ की सफेद चादर से ढक गई। बर्फबारी के बीच बिजली की आंख मिचौनी के चलते लोगों की मुश्किलें दोगुना होकर रह गई है। बर्फबारी के कारण पांगी में यातायात व्यवस्था भी ठप्प होकर रह गई है। पांगी घाटी में बर्फबारी का दौर लगातार जारी है। उल्लेखनीय है कि पिछली बर्फबारी के कटु अनुभवों को अभी घाटी के लोगों भूला नहीं पाए थे कि गुरूवार को हुई ताजा बर्फबारी ने फिर से उनकी जान आफत में डालकर रख दी है। बहरहाल, पांगी घाटी गुरूवार को दोबारा से बर्फ की सफेद चादर से ढक गई है।