प्रदेश भर में और ठंडी हुई रातें

न्यूनतम तापमान लुढ़का, 12 को बारिश-बर्फबारी की उम्मीद

शिमला-हिमाचल प्रदेश में रातें और सर्द होने लगी हैं। मनाली के बाद कल्पा व केलांग का पारा फिर से लुढ़क कर क्रमशः -0.6 और -9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से समूचे राज्य में रात के शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में 11 दिसंबर से मौसम करवट लेगा। इस दौरान मैदानों में गर्जन के साथ बारिश होगी। पहाड़ों पर बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना जताई जा रही है। 12 दिसंबर को राज्य में मौसम कडे़ तेवर दिखा सकता है। मौसम विभाग द्वारा 12 दिसंबर को राज्य के अनेक स्थानों पर बारिश होने की उम्मीदें जताई जा रही हैं। उधर, राज्य में शुक्रवार को दिन भर मौसम साफ बना रहा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में फिर से उछाल आया है। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्र्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। कांगड़ा व धर्मशाला को छोड़कर शेष हिमाचल के पारे में गुरुवार के मुकाबले बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। नाहन व सुंदरनगर के पारे में सबसे ज्यादा एक डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आया है। हालांकि अधिकतम तापमान में उछाल आने से दिन में मौसम सुहावना बना रहा, मगर न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से राज्य में रातें और सर्द हो गई हैं। कल्पा व केलांग का न्यूनतम तापमान फिर लुढ़क कर -0.6 और -9 डिग्री तक आ गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में अगले सप्ताह के दौरान मौसम करवट लेगा। राज्य में 11 व 12 दिसंबर को बारिश व बर्फबारी होगी। इससे राज्य में शीतलहर का प्रकोप दोबारा बढ़ सकता है।