बेटी से रेप, फिर खिलाया जहर

पंचकूला-हरियाणा पुलिस रोहतक ने नौ साल की बच्ची के साथ पिता द्वारा दुष्कर्म करने तथा जहरीला पदार्थ खिलाने के मामले में आरोपी पिता को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी पिता को शनिवार को पेश अदालत किया गया है। अदालत से आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया है। मामले की गहनता से जांच जारी है। यह जानकारी पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता ने दी। प्रवक्ता के अनुसार तीन दिसंबर को रोहतक शहर निवासी महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर धारा 376ए-बी, 328 भादस व पोस्को एक्ट के तहत थाना शहर रोहतक में अभियोग संख्या 817/19 अंकित किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला के पास तीन लड़की व एक लड़का है। महिला अपने पति से अलग रहती है। रात को उसके बच्चे अपने पिता के पास सोने गए थे, जहां पिता ने अपनी बड़ी लड़की के साथ गलत कार्य किया। पिता ने लड़की को चूर्ण खिलाया, जिससे लड़की की तबीयत खराब हो गई। घटना बारे पता चलने पर महिला ने पुलिस को सूचित किया। लड़की को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दौराने इलाज लड़की ने दम तोड़ दिया। मामलें में हत्या की धारा जोड़ी गई। पुलिस अधीक्षक रोहतक राहुल शर्मा के आदेशानुसार मामलें की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई। विशेष टीम द्वारा प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की है। आरोपी पिता को गिरफ्तार करने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया, जिसने आरोपी के संभावित ठिकाने पर निरंतर छापेमारी की है। विशेष टीम ने छापेमारी करते हुए  छह दिसंबर को आरोपी पिता को इंदौर मध्यप्रदेश से काबू करने में सफलता प्राप्त की है। जांच में सामने आया कि आरोपी करीब 9 साल से अपने परिवार सहित रोहतक में रह रहा है। आरोपी की अपनी पत्नी से अनबन चल रही है जिस कारण दोनो करीब 7-8 महीने से अलग-अलग रह रहे हैं। आरोपी व उसकी पत्नी रोहतक में अलग-अलग कालोनियों में किराये पर मकान लेकर रह रहे हैं। आरोपी हाल में नट बोल्ट की फैक्टरी में काम करता है। रात को आरोपी अपने बच्चे को अपने साथ सुलाने के लिए ले आता था तथा सुबह पत्नी के पास बच्चों को छोड़कर आरोपी नौकरी पर चला जाता था। दिनांक 27-28 नवंबर की रात को बच्चे आरोपी के साथ उसके घर पर सो रहे थे। रात को आरोपी ने अपनी बड़ी लड़की के साथ दुष्कर्म किया तथा उसको किसी को न बताने बारे डराया धमकाया तथा अगले दिन सुबह अपने पत्नी के पास बच्चों को छोड़कर नौकरी पर चला गया। किसी को दुष्कर्म के बारे में न पता चले इसके लिए आरोपी ने लड़की को मारने का प्लान बनाया। आरोपी बाजार से चुहे मारने की दवाई खरीदकर लाया तथा दो दिसंबर को सुबह आरोपी ने आटे में दवाई मिलकर अपनी लड़की को खिला दी। तीन दिसंबर को लड़की की तबीयत ज्यादा खराब हुई तो लड़की की मां ने घटना बारे पुलिस को सूचित किया। उसी दिन आरोपी फरार हो गया। आरोपी पानीपत होते हुए दिल्ली व उसके बाद इंदौर मध्य प्रदेश जा पहुंचा। आरोपी बार.2 अपने ठिकाने बदल रहा था।