युवक को गोली मार छीन ली बाइक

गगरेट – होशियारपुर से गगरेट वापस आते हुए एक युवक की अज्ञात बदमाशों ने गोली मार कर बाइक छीन ली। युवक को गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल गगरेट में भर्ती करवाया गया है। गगरेट के चतेहर गांव के रोहित, जो कि वाहनों पर जीपीएस लगाने का कार्य करता है, शनिवार देर शाम बाइक पर होशियारपुर से गगरेट आ रहा था। रोहित के अनुसार पंजाब के मंगूवाल के आगे अज्ञात बदमाश उसके पीछे लग गए और जब वह उनके कहे अनुसार नहीं रुका, तो उन्होंने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे पहले वह कुछ समझ पाता, उन्होंने किसी विस्फोटक पदार्थ से हमला बोल दिया और उसे ऐसा महसूस हुआ कि जैसे उसे गोली लगी है। हमलावार बाइक पर थे। वह गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल में किसी से लिफ्ट लेकर पहुंचा, जहां उसका प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया गया है। डा. महेश्वर ने पुष्टि करते हुए बताया कि युवक के दायं पांव में गोली लगी है। सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस के इंजार्च राजेश ठाकुर मौके पर पहुंचे और उन्होंने गगरेट थाना में इस बात की सूचना दी।