हफ्ते की हस्तियां

 मनीषा घोष को अमरीका में बड़ी जिम्मेदारी

5जी टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अमरीका को बढ़त दिलाने के लिए ट्रंप प्रशासन ने भारतवंशी डाक्टर मनीषा घोष को अमरीका के फेडरल कम्युनिकेशन कमीशन में चीफ  टेक्नोलॉजी आफिसर पद के लिए चुना है। घोष इस पद को 13 जनवरी, 2020 को संभालेंगी। मनीषा घोष इस पद पर रहकर तकनीक और इंजीनियरिंग के मुद्दों पर अपनी सलाह देंगी। इसके अलावा अमरीका के सभी 50 राज्यों में संचार के माध्यमों को नियंत्रित करेंगी।

हैंडबाल की कप्तान बनीं हिमाचल की खिला देवी

हिमाचल का नाम रोशन करने में बेटियां अहम भूमिका निभा रही  हैं। एशियन गेम्स की खिलाड़ी कुल्लू की बेटी खिला देवी अब हैंडबाल की कप्तान बन गई हैं। खिला देवी जिला कुल्लू के बंजार उपमंडल के तहत पड़ने वाले चकुरठा की रहने वाली हैं। इस बेटी ने जहां खिलाड़ी बनकर  अपना नाम ऊंचा किया है, वहीं जिला कुल्लू के साथ हिमाचल प्रदेश को भी गौरवान्वित किया है। हाल ही में दिल्ली में शुरू हुई राष्ट्रीय महिला हैंडबाल प्रतियोगिता में हिमाचल की टीम खिला देवी की अगवाई में भाग ले रही है। प्रदेश हैंडबाल संघ के अध्यक्ष भरत साहनी और महासचिव नंद किशोर ने बताया कि कुल्लू के उपमंडल बंजार की ग्राम पंचायत चकुरठा की रहने वाली खिला देवी इंडोनेशिया में हुए एशियन गेम्स में भी भारतीय टीम की  खिलाड़ी रही हैं।

वालीबाल स्पर्धा में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगी माधवी और यामिनी

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बगस्याड़ के प्रधानाचार्य खेम सिंह ने बताया कि हमारे स्कूल की दो छात्राएं माधवी और यामिनी 14वें राष्ट्रीय खेलों के लिए चयनित हुई हैं। वे वालीबाल स्पर्धा में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह खेल प्रतियोगिता आंध्र प्रदेश के डीएलएनआर हाई स्कूल बरचीरैडीपलम एसपीएस नेलौ में दस से 14 जनवरी तक आयोजित की जा रही है। इसके लिए स्कूल की दो छात्राएं चयनित हुई हैं। वहीं स्कूल के शारीरिक शिक्षक तारा चंद और विद्यालय के शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता पूर्ण चंद ठाकुर व समस्त अध्यापकों ने इन छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने पर बधाई दी है।