आज फिर टूट कर बरसेगा अंबर

मौसम विभाग का पूर्वानुमान, प्रदेश में होगी बारिश-बर्फबारी

शिमला – हिमाचल प्रदेश में मौसम गुरुवार को फिर से तेवर दिखा सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में गुरुवार को बारिश-बर्फबारी होने की संभावना जताई है। राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक दो स्थानों पर इस दौरान भारी बर्फबारी होने की भी उम्मीदें लगाई जा रही है। राज्य में 18 जनवरी तक मौसम खराब बना रहेगा। 19 जनवरी को समूचे राज्य में धूप खिली रहेगी, जबकि राज्य में 20 जनवरी से फिर बारिश-बर्फबारी होगी। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में बुधवार को मौसम साफ बना रहा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में फिर से उछाल रिकार्ड किया गया है। हालांकि राज्य में दोपहर बाद आसमान में काले बादल घिरने शुरू हो गए, मगर दिन के समय खिली धूप से तापमान में बढ़ोतरी आई है। अधिकतम तापमान में भुंतर व कांगड़ा के तापमान में सबसे ज्यादा पांच डिग्र्र्री तक की बढ़ोतरी आई है। शिमला, डलहौजी व धर्मशाला के तापमान में दो डिग्री, ऊना, सोलन व चंबा के पारे में एक डिग्री का उछाल रिकार्ड किया गया है। राज्य के कल्पा, बिलासपुर, हमीरपुर व केलांग के तापमान में फिर से गिरावट दर्ज की गई है। केलांग का तापमान फिर से लुढ़क कर माइनस डिग्री में चला गया है। कल्पा के अधिकतम तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट आई है। राज्य के न्यूनतम तापमान में मंगलवार के मुकाबले कोई उल्लेखनीय परिवर्तन नहीं आया है। राज्य के कल्पा, केलांग, मनाली व कुफरी का तापमान माइनस डिग्री में चल रहा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य के अनेक स्थानों पर गुरुवार को बारिश व बर्फबारी होगी। प्रदेश में 18 जनवरी तक मौसम खराब बना रहेगा। 19 जनवरी को राज्य  में मौसम साफ बना रहेगा, जबकि प्रदेश में 20 जनवरी से फिर बारिश-बर्फबारी होगी।

कहां, कितना तापमान

शहर   अधिकतम   न्यूनतम

शिमला    14.0       2.1

सुंदरनगर  16.5       4.7

भुंतर       18.7       0.7

कल्पा     2.9        -5.8

धर्मशाला   10.4       4.4

ऊना       17.4       4.0

सोलन     16.0       4.5

नाहन      16.0       8.1

केलांग     -0.8       -8.2

कांगड़ा    18.0       7.3

बिलासपुर 16.0       8.0

हमीरपुर    15.8       7.8

चंबा       14.2       4.0

डलहौजी  3.9        0.6