एक नजर

सीरिया में 2019 में 247 की जान गई

दमिश्क। सीरिया में वर्ष 2019 के दौरान हिंसा और बारूदी सुरंग विस्फोट हमलों में कम से कम 247 लोगों को अपनी जान गवांनी पड़ी है। एक रिपोर्ट के अनुसार सुरंगी बारूद और अन्य घटनाओं में मरने वाले 247 लोगों में से 65 महिलाएं और 68 बच्चे है। सरकार के नेतृत्व में किए गए प्रयासों के बीच पूर्वी सीरिया में विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाकों में बारूदी सुरंगों में विस्फोटों से दर्जनों लोगों की जान गई है।

कंबोडिया में इमारत ढही, 36 लोग दफन

बैंकाक। कंबोडिया के केप शहर में एक बहुमंजिली निर्माणाधीन इमारत के ढहने से 36 लोगों की मौत हो गई है। स्थानीय मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक शुक्रवार को हुई इस घटना के बाद तीन दिनों तक लोग मलबे में फंसे रहे और मलबे में फंसे 23 लोगों को निकाल लिया गया है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष कुन किम ने कहा कि मलबे से 23 लोगों को निकाल लिया गया जबकि 36 लोगों के शव अब तक बरामद किए जा चुके हैं।

लीबिया में हवाई हमला 23 छात्रों की मौत

त्रिपोली। लीबिया की राजधानी त्रिपोली में एक सैन्य विद्यालय पर हुए हवाई हमले में 23 छात्र मारे गए तथा कई अन्य लोग घायल हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार 23 छात्र मारे गए हैं। यह सैन्य स्कूल त्रिपोली के दक्षिणी जिला अल-हब्दा अल-खद्रा में है।

नाइजीरिया में विस्फोट, पांच शिकार

लेगोस। नाइजीरिया के कादूना शहर में एक गैस विस्फोट में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। स्थानीय पुलिस ने यह जानकारी दी। कादूना पुलिस के प्रवक्ता याकूब साबो ने मृतकों की संख्या की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्फोट शहर के सबोन ताशा इलाके में सड़क किनारे एक गैस वेंडिंग की दुकान में हुआ।

अमरीकी ड्रोन हमले में चार आतंकी हलाक

काबुल। अफगानिस्तान के नांगरहार प्रांत में अमरीकी ड्रोन हमले में चार तालिबानी आतंकवादी मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि वजीर जिला के टांगी अहमदखेल इलाके में शनिवार को हुए ड्रोन हमले में चार आतंकवादी मारे गए। प्रांतीय अथवा केंद्रीय प्रशासन ने अब तक घटना की पुष्टि नहीं की है। तालिबान ने भी कोई टिप्पणी नहीं की है।

नहीं रहे देश की पहली लोकसभा के सांसद

नई दिल्ली। देश की पहली लोकसभा के एकमात्र जीवित बचे सदस्य और बिहार के डुमरांव राज के अंतिम महाराज कमल बहादुर सिंह का निधन हो गया है। वह 93 साल के थे। उनके बटे चंद्रविजय सिंह ने बताया कि रविवार को बक्सर जिला के भोजपुर स्थित कोठी पर उनका पार्थिव शरीर लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। सोमवार सुबह उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। कमल सिंह का पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ घनिष्ठ संबंध था।