एक नजर

अलेजांद्रो ने ली ग्वाटेमाला के राष्ट्रपति पद की शपथ

ग्वाटेमाला सिटी। कंजर्वेटिव नेता अलेजांद्रो गियामात्तेई (63) ने ग्वाटेमाला के नए राष्ट्रपति पद की शपथ ले ली है। श्री गियामात्तेई ने यहां स्थित मिगुएल एंजल एस्टुरियस कल्चरल सेंटर में राष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण करने के तुरंत बाद ही उन्होंने ट््वीट कर कहा कि यह दृढ़ अवस्था में जाने का समय है। यह ग्वाटेमाला के लिए बेहतर भविष्य देने का समय है। देवियों और सज्जनों यह ग्वाटेमाला का समय है। एक अन्य ट््वीट में राष्ट्रपति ने लोगों को देश की तात्कालिक समस्या भ्रष्टाचार और कुपोषण से मुक्ति और निजात दिलाने का भी भरोसा दिया।

लीबिया से एक हजार प्रवासी बचाए

त्रिपोली। अंतरराष्ट्रीय प्रवासी संगठन (आईओएम) ने कहा कि 2020 में लीबिया के तटवर्ती इलाकों से अब तक करीब एक हजार अवैध प्रवासियों को बचाया जा चुका है। आईओएम ने ट््वीट किया कि 2020 में अब तक करीब एक हजार प्रवासियों को बचाकर उन्हें हिरासत में लिया जा चुका है। गौरतलब है कि अवैध प्रवासी लीबिया के तटवर्ती इलाकों से होकर भू-मध्य सागर पार कर यूरोप में घुसने का प्रयास करते हैं। इन प्रवासियों में अधिकतर अफ्रीकी मूल के लोग हैं।

हवाई जहाज से ईंधन गिरा, 40 घायल

लॉस एंजल्स। अमरीका के लॉस एंजल्स में एक स्कूल पर हवाई जहाज से ईंधन गिरने से स्कूली बच्चों सहित 40 लोग घायल हो गए। दमकल विभाग के मुताबिक इस हादसे में एलिमेंटरी स्कूल के 20 बच्चे और अन्य 11 लोग घायल हुए हैं। इससे पहले उन्होंने बताया था कि इस हादसे में 17 बच्चे और नौ अन्य घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज कराया गया है। स्थानीय मीडिया के अनुसार कुल 60 लोगों का इलाज कराया गया है।

जापान के पूर्व मंत्री, पत्नी के घर की तलाशी

टोक्यो। जापान के हिरोशिमा प्रांत के अभियोजकों ने पूर्व न्याय मंत्री कात्सुयुकी कवाई और उनकी पत्नी एवं सांसद आनरी कवाई के घर में छापामारी कर तलाशी ली है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक श्रीमती आनरी ने गत वर्ष अपने पति के चुनाव अभियान के दौरान अपने कर्मचारियों को निर्धारित रकम से अधिक भुगतान कर चुनावी कानून के उल्लंघन के आरोपों के बाद यह छापामारी की गई है। चुनावी कानून के मुताबिक कर्मचारियों के भुगतान पर 15 हजार येन खर्च किए जाने हैं, जबकि श्रीमती आनरी ने अपने 13 कर्मचारियों को दो गुना यानी 30 हजार येन प्रति व्यक्ति भुगतान किए।

कॉर्बन उत्सर्जन में कटौती करेगा सऊदी

अबुधाबी। सऊदी अरब ने अधिक से अधिक नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग कर अपने कॉर्बन उत्सर्जन में कटौती करने का फैसला किया है। सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री अब्दुल अजीज बिन सलमान ने अबुधाबी में ‘भविष्य की स्थिरता’ पर आयोजित एक शिखर बैठक में यह बात कही। श्री सलमान ने कहा कि 2030 तक हम अपने गैस संसाधनों का विकास करेंगे।