किलाड़ में डेढ़ फुट ताजा हिमपात

कबायली क्षेत्र के पांगी मुख्यालय में फिर बिगड़े हालात, सड़कों पर यातायात ठप होने से लोगों की बढ़ी दिक्कतें

पांगी – कबायली क्षेत्र पांगी मुख्यालय किलाड़ में करीब डेढ़ फुट ताजा बर्फबारी हुई है। इसके अलावा पांगी के ऊपरी क्षेत्रों में तीन से चार फुट बर्फ  गिरी है। बर्फबारी के चलते दोबारा से घाटी के तमाम मुख्य व संपर्क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही ठप होकर रह गई है। बर्फबारी के कारण समूची घाटी के कडाके की ठंड की चपेट में आने से लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। फिलहाल बर्फबारी के बीच बिजली व पेयजल व्यवस्था बेहतर रखना लोगों के लिए बड़ी राहत की बात है। समाचार लिखे जाने तक पांगी घाटी में बर्फबारी का दौर लगातार जारी था। जानकारी के अनुसार रविवार को पांगी घाटी में मौसम के एक बार फिर करवट बदलने से बर्फबारी का दौर जारी हो गया। रविवार को पांगी में रिकार्ड बर्फबारी दर्ज की गई है। रविवार को घाटी मुख्यालय किलाड़ सहित धरवास आदि क्षेत्रों में डेढ़ फुट के करीब ताजा बर्फ गिरी है। पांगी में रविवार को हुई बर्फबारी ने पूर्व में बर्फबारी के कारण बिगड़ी व्यवस्था को पटरी में लाने को लेकर जारी प्रशासनिक मुहिम पर फिर से पानी फेर दिया है। उधर, उपमंडलीय प्रशासन ने घाटी में मौसम के बिगडे मिजाज के चलते लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। इसके साथ ही लोगों से हिमस्ख्लन की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों की ओर रुख न करने को भी कहा है। जिससे जान व माल के नुकसान की संभावना को शून्य किया जा सके। बहरहाल, रविवार को कबायली क्षेत्र पांगी मुख्यालय किलाड़ में डेढ़ फुट के करीब ताजा बर्फबारी हुई है।