जोत पर सात इंच चांदी, गांव ढके

चंबा के विश्व विख्यात पर्यटक स्थल पर ताजा बर्फबारी ने बढ़ाई रौनक,सड़क की बहाली में जुटी पीडब्ल्यूडी की जेसीबी             

चंबा – पर्यटन स्थल जोत पर शनिवार को हुई छह से सात इंच ताजा बर्फबारी रिकार्ड की गई है। बर्फबारी के चलते जोत सहित आस- पास बसे गांव बर्फ  की सफेद चादर से ढक गए हैं। बर्फबारी के चलते जोत मार्ग पर शनिवार को कुछ घंटों के लिए यातायात बाधित रहा। मगर पीडब्ल्यूडी ने जेसीबी मशीन के सहयोग से मार्ग पर जमी बर्फ  को हटाकर दोपहर बाद छोटे वाहनों की आवाजाही को सुचारू कर दिया है। हालांकि जोत मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही फिलहाल ठप पड़ी हुई है। पीडब्ल्यूडी ने जोत मार्ग पर बर्फबारी के चलते बढ़ी फिसलन के चलते चालकों से ड्राइविंग के दौरान विशेष एहतियात बरतने का आह्वान किया है। जानकारी के अनुसार जोत पर शनिवार सुबह बर्फबारी का दौर आरंभ हो गया। और देखते ही देखते चारों और बर्फ  क ी सफेद चादर बिछ गई। जोत पर बर्फबारी होने के चलते वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। बर्फबारी की सूचना पाते ही पीडब्ल्यूडी का अमले ने जेसीबी संग जोत पहुंचकर मार्ग पर जमी बर्फ को हटाने का काम आरंभ कर दिया।  दोपहर बाद पीडब्ल्यूडी ने जोत मार्ग को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया। हालांकि बर्फबारी के बाद मार्ग पर बढ़ी फिसलन के चलते ड्राइविंग काफी रिस्की होकर रह गई है। उल्लेखनीय है कि पर्यटन स्थल जोत पर शनिवार को सीजन की तीसरी बर्फबारी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाकर रख दी हैं, क्योंकि लोग पिछली बर्फबारी के कटु अनुभवों को अभी भूला नहीं पाए हैं। बर्फबारी के बाद जोत पर हाड कंपा देने वाली ठंड के बहने से लोग फिर से घरों में कैद होकर रह गए हैं। उधर, पीडब्ल्यूडी मंडल चंबा के एक्सईएन जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि बर्फबारी के कारण जोत मार्ग पर कुछ घंटों के लिए यातायात बाधित हुआ था। उन्होंने बताया कि मार्ग से बर्फ  हटाकर छोटे वाहनों की आवाजाही को फिर से सामान्य बना दिया गया है।