बैंक सफाई कर्मी ने खुद को मारी गोली

बीबीएन – औद्योगिक कस्बे नालागढ़ में बघाट बैंक की शाखा में तैनात सफाई कर्मी ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। सफाई कर्मी ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए बैंक  के सिक्योरिटी गार्ड की बंदूक का इस्तेमाल किया। घटना के समय सिक्योरिटी गार्ड अपनी बंदूक को सिक्योरिटी रूम में छोड़कर चाय पीने गया हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि आत्महत्या के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में बैंक के सिक्योरिटी गार्ड की लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने  सिक्योरिटी गार्ड के खिलाफ भादंसं की धारा 279, 337 व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक उपमंडल मुख्यालय नालागढ़ स्थित बघाट अर्बन को-आपरेटिव बैंक की शाखा में गुरुवार दोपहर उस वक्त अफरा तफरी मच गई , जब बैंक के सफाई कर्मी ने खुद को गोली मार ली। इस घटना में सफाई कर्मी रमन कुमार (30) पुत्र हंसराज रखराम सिंह कालोनी न्यू नालागढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। गोली उसकी छाती पर बाईं तरफ लगी। सफाई कर्मी रमन ने आत्महत्या के लिए बैंक शाखा में तैनात सिक्योरिटी गार्ड राम चंद की 12 बोर की बंदूक का इस्तेमाल किया। सिक्योरिटी गार्ड राम चंद ने गुरुवार दोपहर रमन के साथ ही लंच किया और इसके बाद राम चंद कैंटीन में चाय पीने के लिए जाने से पहले अपनी बंदूक को सिक्योरिटी रूम में ही छोड़ कर चला गया। इसी बीच करीब दो बजे रमन ने उस बंदूक से खुद को गोली मार ली। बैंक कर्मियों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद एंबुलेंस कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने रमन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस पड़ताल में सामने आया है कि मृतक रमन वर्ष 2015 से यहां तैनात था। गुरुवार को उसने दो बजे अपने घर फोन कर कहा था कि आज बच्चों को स्कूल से खुद ले आना। उसके बाद रमन ने खुद को गोली मार ली। एसपी बद्दी रोहित मालपानी ने भी घटना स्थल का दौरा किया और बैंक प्रबंधन से पूछताछ की। डीएसपी नालागढ़ चमन लाल ने बताया कि बघाट बैंक की नालागढ़ शाखा में तैनात सफाई कर्मी ने खुद को बंदूक से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बंदूक कब्जे में ले ली है। उन्होंने बताया कि बंदुक से एक गोली चली है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे पारिवारिक परेशानी होने का अंदेशा है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।