भारत जीतेगा अंडर-19 वर्ल्डकप

सीनियर टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा को जूनियर्स से उम्मीद

ऑकलैंड – सीनियर सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने बुधवार को उम्मीद जताई कि भारतीय टीम अंडर 19 विश्व कप जीतेगी। गत चैंपियन भारत ने श्रीलंका और जापान को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। रोहित ने ट्वीट किया कि भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम को शुभकामना। उनकी शुरुआत शानदार रही है और वे खिताब बरकरार रख सकते हैं। प्रियम गर्ग की कप्तानी में भारत ने जापान को दस विकेट से हराकर अंडर 19 विश्वकप सुपर लीग क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। भारत ने अभी तक दोनों मैचों में एकतरफा जीत हासिल की है। अपने पहले मुकाबले में उसने श्रीलंका को 90 रन से हराया था, वहीं जापान को मात्र 41 रनों पर समेटने के बाद सिर्फ 29 गेंदों पर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारतीय टीम ने अभी तक चार बार अंडर-19 वर्ल्डकप जीता है। भारतीय टीम ने साल 2000 में मोहम्मद कैफ, 2008 में विराट कोहली, 2012 में उन्मुक्त चंद और 2018 में पृथ्वी साव की कप्तान में अंडर-19 विश्व कप जीता है।