स्वामी विवेकानंद के आदर्श अपनाएं युवा

धारगला में जयंती समारोह के दौरान रंगारंग कार्यक्रम, प्रतियोगिताओं का भी चला दौर

सुंडला – एकल विद्यालय अभियान अंचल चंबा के तत्त्वावधान में रविवार को धारगला में स्वामी विवेकानंद जयंती समारोह बड़ी धूमधाम से मनाया गया। समारोह में अंचल चंबा के अध्यक्ष अजय कुमार व संस्कार शिक्षा के अध्यक्ष अनिल शर्मा ने मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थिति दर्ज करवाई। समारोह के दौरान एकल ग्राम के बच्चों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया गया। इस दौरान बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं भी करवाई गई। अजय कुमार ने उपस्थित लोगों को एकल अभियान की भूमिका रखी। उन्होंने कहा कि एकल अभियान समाज में बच्चो को संस्कार शिक्षा देने का कार्य कर रहा है। और आज पूरे भारत वर्ष में एक लाख विद्यालय एकल अभियान चला रहा है। अनिल शर्मा ने एकल के कार्यकर्ता एवं बच्चों को स्वामी विवेकानंद की जीवनी के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद की जीवनी से सीख लेकर समाज को नई दिशा देने में अहम रोल अदा करने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि युवा ही राष्ट्र निर्माण में सहायक कड़ी होते हैं। युवा शक्ति ही एक नए उत्साह और जोश के साथ समाज में नए आयाम स्थापित कर सकते हैं। इस मौके पर अंचल चंबा के उपाध्यक्ष व्यास देव, संच प्रमुख मान सिंह, हुगत राम, संच अध्यक्ष लेखराज, खोजू राम, परविंद्र, शक्तिप्रसाद व भुवनेश सहित काफी तादाद में युवा मौजूद रहे।