12 कर्मियों पर होगी एफआईआर

फर्जी तरीके से शूटर बिठाकर नौकरी हथियाने वालों पर होगी कार्रवाई, पुलिस ने जुटाए सबूत

धर्मशाला     –  हिमाचल पुलिस सहित विभिन्न महकमों में नौकरी करने वाले करीब एक दर्जन सरकारी कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज होगी। फर्जी तरीके से शूटर बिठाकर परीक्षा पास करने के बाद नौकरी हासिल करने वाले ऐसे लोगों की पहचान हो चुकी है। इसके लिए पुलिस ने बाकायदा सबूत भी जुटा लिए हैं। अब सारे दस्तावेजों को पूरा कर पुलिस कभी भी मामला दर्ज कर सकती है। पुलिस भर्ती में हुए अब तक के सबसे बड़े फर्जीबाड़े के खुलासे पर चल रही जांच में कई पहलू सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस भर्ती फर्जीबाड़े के मास्टर माइंड माने जाने वाले विक्रम के खुलासे के बाद पुलिस ने सारे मामले की गहनता से पड़ताल की है।  हिमाचल पुलिस के भर्ती परीक्षा में शूटर बिठाकर और आधुनिक डिवाइस का प्रयोग कर परीक्षाएं पास करवाने वाली गैंग के मुख्य आरोपी विक्रम के शिकंजे में आने के बाद अब कइयों की नौकरी जानी तय मानी जा रही है। जांच में पुलिस के समक्ष कई बातें सामने आई हैं, जिन्हें आधार बनाकर पुलिस एफआईआर दर्ज करने की तैयारी में हैं। बताया जा रहा है कि ऐसे करीब एक दर्जन नाम हैं, जिन्होंने पूर्व में हुई परीक्षाओं में फर्जीबाड़े से नौकरी हासिल की है,  लेकिन वे अब बचने वाले नहीं है। प्रारंभिक जांच में करीब एक दर्जन कार्यरत कर्मचारियों पर गाज गिर सकती है, लेकिन आने वाले समय में जांच के बाद अन्य विभागों में कार्यरत नौकरीपेशा लोगों सहित इस फर्जीबाड़े में शामिल और अधिक लोगों पर शिकंजा कसा जाएगा। नौकरी हासिल करने वाले इस महा फर्जीबाड़े के खेल में अब तक मास्टरमादंड विक्रम सहित 35 लोगों पर मामले दर्ज हो चुके हैं। अभी तक इस जांच में हिमाचल के ही लोगों पर शिकंजा कसा है। इसके बाद हरियाणा, पंजाब व दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों जहां से बिक्रम व उसके साथियों के तार जुड़े हैं, जांच की आंच में वह भी आएंगे। पुलिस की जांच धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है। बताया जा रहा है कि विक्रम करीब पांच माह तक अपने हरियाणा सहित अन्य प्रदेशों के मित्रों की शरण में ही रहा है, जो इस फर्जीबाड़े में शमिल हैं। हिमाचल सहित देश के विभिन्न राज्यों में फैली इस गैंग की जड़ों तक जाने के लिए पुलिस ने काम शुरू किया है। ऐसे में अब पुलिस पहले चरण में अपने ही प्रदेश के करीब एक दर्जन इनसर्विस पुलिस व अन्य कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज करेगी।