आर्य समाज मंदिर में ऋषि बोध दिवस की धूम

चंबा। आर्य समाज मंदिर चंबा में शिवरात्रि पर्व को ऋषि बोध दिवस के तौर पर मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ यज्ञ से किया गया, जिसके बाद ध्वजारोहण की रस्म अदा कर मंत्रोच्चारण भी किया गया। ब्रह्माचार्य महावीर सिंह व शास्त्री अमर सिंह ने वेद मंत्रों से पूरे मंदिर को भक्तिमय बना दिया। उन्होंने यज्ञ के महत्व से भक्तों को अवगत करवाया। शास्त्री सुनील कुमार तथा मनोज कुमार ने अपने मधुर भजनों से महर्षि दयानंद के जीवन पर प्रकाश डाला। इस मौके पर आर्य समाज सभा के कोषाध्यक्ष विक्रमादित्य महाजन ने लोगों को आर्य समाज की पद्धति पर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया। दोपहर बाद परिसर में लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान आर्य समाज चंबा के प्रधान सुखलाल, योग राज, मुकेश शर्मा, खुशहाल बख्शी व राजीव शर्मा व सहित काफी तादाद में श्रद्धालु मौजूद रहे।